रूस का Tu-214PU तेहरान के बाद पहुंचा बीजिंग, क्या मुज्तबा खामेनेई इलाज के लिए पहुंचे चीन

रूस के खास सरकारी विमान Tu-214PU की तेहरान से बीजिंग तक की उड़ान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. Flightradar24 के मुताबिक, सोमवार को यह विमान रूस से तेहरान पहुंचा और कुछ घंटों बाद चीन की राजधानी बीजिंग के लिए रवाना हो गया.

calender

नई दिल्ली: रूस के खास सरकारी विमान Tu-214PU की तेहरान से बीजिंग तक की उड़ान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया और कुछ विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस विमान के जरिए ईरान के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े किसी अहम व्यक्ति को चीन ले जाया गया हो सकता है. हालांकि, अभी तक इन दावों की किसी भी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है.

Tu-214PU की क्या है खासियत 

Flightradar24 के मुताबिक, सोमवार को यह विमान रूस से तेहरान पहुंचा और कुछ घंटों बाद चीन की राजधानी बीजिंग के लिए रवाना हो गया. इसके बाद से ही इस उड़ान को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. बता दें, Tu-214PU को रूस के सबसे सुरक्षित सरकारी विमानों में से एक माना जाता है. आमतौर पर इसका इस्तेमाल संवेदनशील सरकारी और रणनीतिक मिशनों के लिए किया जाता है. यही वजह है कि इस विमान की आवाजाही ने सुरक्षा मामलों के जानकारों का ध्यान अपनी ओर खींच लाया हैं. 

रिपोर्ट्स के किए गए दावे

कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े एक अहम चेहरे लंबे समय से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर पहले भी कई तरह की अटकलें लगती रही हैं. हालांकि, ईरान ने इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है और इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो सकी है.

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच जारी टकराव को देखते हुए ईरान अपने शीर्ष नेताओं की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रहा होगा. इसी वजह से उन्हें किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाने जैसी चर्चाओं ने भी जोर पकड़ लिया है. 

चीन और ईरान के रिश्ते 

चीन और ईरान के रिश्ते पिछले कुछ वर्षों में काफी मजबूत हुए हैं. व्यापार, ऊर्जा और रक्षा जैसे कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ा है. यही कारण है कि कुछ जानकार चीन को ईरान के लिए एक भरोसेमंद साझेदार मानते हैं. फिलहाल रूस, ईरान और चीन में से किसी भी देश ने इस उड़ान या उससे जुड़े किसी विशेष मिशन पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि विमान की उड़ान का मकसद क्या था. जब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं होती, तब तक इस मामले से जुड़े सभी दावों को केवल अटकलें ही माना जाना चाहिए.  First Updated : Tuesday, 14 July 2026