श्रीलंका की नौसेना ने दो अलग-अलग घटनाओं में गैर कानूनी तरीके से मछली पकड़ने के आरोप में कम से कम 34 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और तीन ‘ट्रॉलर’ जब्त किए. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.
नौसेना ने बताया कि श्रीलंकाई जलक्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान मन्नार जिले के तट पर 25 और 26 जनवरी को ये दोनों गिरफ्तारियां की गईं. गिरफ्तार मछुआरों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है.
श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध गतिविधि
इस सप्ताह की शुरुआत में यहां भारतीय उच्चायोग ने कहा कि श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध तरीके से मछली पकड़ने के लिए पहले भी इसी तरह गिरफ्तार किए गए 41 भारतीय मछुआरों को वापस स्वदेश भेज दिया गया है. इससे पहले 12 जनवरी को भी आठ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था और दो ‘ट्रॉलर’ (मछली पकड़ने में इस्तेमाल किया जाने वाला जहाज) जब्त किए गए थे.
यह खबर भाषा सिंडीकेट से उठाई गई है. इसे जनभावना टाइम्स ने प्रकाशित नहीं किया है. First Updated : Sunday, 26 January 2025