होर्मुज स्ट्रेट बना 'डेथ वैली'..., ईरान बिछा रहा समुद्री माइंस, ट्रंप का बड़ा दावा - अमेरिका ने 16 माइन बिछाने वाले जहाजों को उड़ाया

ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने पहले ही साफ चेतावनी दे दी है. हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाला कोई भी जहाज उनका निशाना बन सकता है. युद्ध शुरू होने के बाद यह महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग लगभग सुनसान पड़ गया है. खतरनाक हालात के कारण दुनिया अब इसे "डेथ वैली" कहने लगी है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर लगातार हमलों के बीच, ईरान ने जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है. ईरान ने हथियार डालने से इनकार करते हुए मुंहतोड़ जवाब देने का ऐलान किया है. इस बीच, खबरें आ रही हैं कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री माइंस बिछाना शुरू कर दिया है, जो वैश्विक तेल व्यापार के लिए एक बड़ा खतरा बन सकता है. सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, बीते कुछ दिनों में ईरान ने समंदर में कई दर्जन माइंस बिछाई हैं.

सूत्रों का मानना है कि ईरान के पास अभी भी अपनी छोटी नावों और माइन बिछाने वाले जहाजों का 80 से 90 प्रतिशत हिस्सा बचा हुआ है, जिससे वह इस महत्वपूर्ण जलमार्ग में सैकड़ों माइंस बिछाने में सक्षम है. हालांकि, अभी तक बड़े पैमाने पर माइनिंग नहीं हुई है और केवल कुछ दर्जन माइंस ही रखी गई हैं. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के पास माइन बिछाने वाली नावें, विस्फोटकों से लदी तेज रफ्तार नौकाएं और तटीय मिसाइल बैटरियां हैं, जो इस क्षेत्र को और खतरनाक बना सकती हैं.

IRGC की चेतावनी और होर्मुज की स्थिति

आईआरजीसी ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी है कि होर्मुज से गुजरने वाले किसी भी जहाज पर हमला किया जाएगा. युद्ध छिड़ने के बाद से यह मार्ग लगभग बंद हो चुका है और इसे 'डेथ वैली' के नाम से जाना जाने लगा है. अमेरिकी अधिकारियों ने तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करने के दावों पर स्पष्ट किया कि अभी तक अमेरिकी नौसेना ने किसी जहाज को इस मार्ग से सुरक्षा प्रदान नहीं की है. हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार इस विकल्प पर विचार कर रही है.

अमेरिकी कार्रवाई और ट्रंप का दावा

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने समुद्री माइन बिछाने वाले ईरान के 16 जहाजों को नष्ट कर दिया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, इस ऑपरेशन में 16 ईरानी जहाजों को तबाह किया गया. इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में कोई माइन बिछाई है तो हम चाहते हैं कि उन्हें तुरंत हटाया जाए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर किसी भी कारण से माइन बिछाई गई और उन्हें तुरंत नहीं हटाया गया, तो ईरान को ऐसे सैन्य परिणाम भुगतने पड़ेंगे जो पहले कभी नहीं देखे गए. लेकिन अगर वे उन्हें हटा लेते हैं, तो यह सही दिशा में एक बड़ा कदम होगा.

ट्रंप की आश्वासन और तकनीकी क्षमता

ट्रंप ने कहा कि होर्मुज सुरक्षित रहेगा. वहां हमारे कई नौसैनिक जहाज मौजूद हैं और हमारे पास दुनिया का सबसे बेहतरीन उपकरण है जो समुद्र में बिछी माइन की जांच कर सकता है.खाड़ी क्षेत्र पर आर्थिक प्रभावरिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्तमान में खाड़ी क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 1.5 करोड़ बैरल कच्चे तेल का उत्पादन और करीब 45 लाख बैरल रिफाइंड ईंधन की सप्लाई प्रभावित होने की स्थिति में है. इराक और कुवैत जैसे देशों के पास तेल निर्यात के लिए होर्मुज के अलावा कोई अन्य वैकल्पिक मार्ग नहीं है.

जी7 का हस्तक्षेप

इस बीच विकसित अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी7 ने संकेत दिया है कि तेल की संभावित कमी को संतुलित करने के लिए अतिरिक्त तेल बाजार में जारी किया जा सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो