होर्मुज को लेकर पाकिस्तान का तंज, अमेरिका पर साधा निशाना; युद्ध के बीच बदला रुख

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान ने अमेरिका पर तंज कसते हुए कहा कि अब युद्ध का मकसद बदलकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलना हो गया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान का रुख अब अलग नजर आ रहा है. जहां एक ओर वह अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की पेशकश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर उसने अमेरिका पर तंज कसते हुए युद्ध के मकसद पर सवाल उठाए हैं.

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के बयान ने इस पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है. उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि अब युद्ध का फोकस बदलता नजर आ रहा है और ध्यान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुलवाने पर केंद्रित हो गया है.

रक्षा मंत्री का बयान 

ख्वाजा आसिफ ने अपने बयान में कहा, "ऐसा लगता है कि युद्ध का लक्ष्य अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलना हो गया है, जो युद्ध से पहले खुला था."

उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की मेजबानी की पेशकश की है.

ट्रंप की अपील के बाद बढ़ी हलचल

हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने भी देशों से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के लिए एकजुट होने की अपील की थी.

गौरतलब है कि युद्ध के दौरान ईरान ने इस अहम समुद्री मार्ग को बंद करने का ऐलान किया था, जिससे कई देशों में ईंधन आपूर्ति प्रभावित हो गई.

ईरान ने ठुकराया अमेरिका का प्रस्ताव

ईरान ने पश्चिम एशिया में युद्धविराम के अमेरिकी प्रस्ताव को खारिज कर दिया है और अपने हमले तेज कर दिए हैं.

ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया,"ईरान युद्ध तभी समाप्त करेगा जब वह ऐसा चाहेगा और जब उसकी शर्तें पूरी होंगी."

रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान ने स्पष्ट किया है कि वह अपने हमले जारी रखेगा.

कुवैत एयरपोर्ट पर हमला, बढ़ा तनाव

ईरान ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया, जिससे वहां भीषण आग लग गई. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई जब इजरायल ने तेहरान पर हवाई हमले किए और अमेरिका ने क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती की.

पाकिस्तान के जरिए भेजा गया प्रस्ताव

एजेंसी रिपोर्ट के मुताबिक, 15-सूत्रीय युद्धविराम योजना पाकिस्तान के माध्यम से ईरान को सौंपी गई.

इस प्रस्ताव में कई अहम मुद्दे शामिल थे:

  • प्रतिबंधों में राहत
  • परमाणु कार्यक्रम को सीमित करना
  • मिसाइलों की सीमा तय करना
  • स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलना

यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का एक प्रमुख मार्ग है, जहां से दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत तेल गुजरता है.

ट्रंप का दावा

डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा कि ईरान ने परमाणु हथियार न रखने पर सहमति जताई है और अमेरिका को एक ''महत्वपूर्ण सौगात'' भेजी है.

उन्होंने कहा,"तो मेरे लिए इसका एक ही मतलब है कि हम सही लोगों से बातचीत कर रहे हैं.
नहीं, यह (तोहफा) परमाणु हथियार से जुड़ा नहीं है. यह तेल और गैस से जुड़ा है."

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान के खिलाफ युद्ध में जीत हासिल हो चुकी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो