होर्मुज़ स्ट्रेट में गोलियों की गूंज, तीन जहाज बने निशाना
होर्मुज़ स्ट्रेट के पास तीन कमर्शियल जहाजों पर गोलीबारी हुई, लेकिन सभी क्रू सदस्य सुरक्षित रहे और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. घटना में IRGC गनबोट की मौजूदगी सामने आई, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

होर्मुज़ स्ट्रेट के आसपास ईरानी जलक्षेत्र के निकट तीन अलग-अलग वाणिज्यिक जहाजों पर हुई गोलीबारी की घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों के बावजूद किसी भी जहाज के चालक दल के सदस्य के घायल होने की खबर नहीं है और सभी सुरक्षित बताए गए हैं. राहत की बात यह भी है कि किसी जहाज में आग लगने या पर्यावरण को नुकसान पहुंचने जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है.
जहाज पर गोलीबारी
बताया जा रहा है कि इन घटनाओं में से एक जहाज ने दावा किया कि फायरिंग से पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एक गनबोट उसके काफी करीब आ गई थी. इसके बाद जहाज पर गोलीबारी की गई, जिससे जहाज को कुछ नुकसान पहुंचा. इस तरह की घटनाओं ने पहले से ही तनावपूर्ण मध्य-पूर्व क्षेत्र में समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, ओमान के उत्तर-पूर्वी इलाके के पास गोलीबारी और रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) के हमले में लाइबेरिया के झंडे वाले एक कंटेनर जहाज के ब्रिज को क्षति पहुंची है. यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के हवाले से बताया गया है कि जहाज के कप्तान ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि एक IRGC गनबोट उनके जहाज के बेहद करीब आ गई थी, जिसके बाद फायरिंग की गई.
हालांकि, इन हमलों के बावजूद जहाज पर मौजूद सभी क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह की जान-माल की बड़ी हानि नहीं हुई है. समुद्री सुरक्षा से जुड़े सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध गनबोट पर तीन लोग सवार थे, जिन्होंने इस पूरी घटना को अंजाम दिया.
जहाज के कप्तान ने क्या कहा?
इसके अलावा, ग्रीक कंपनी द्वारा संचालित एक अन्य कंटेनर जहाज के कप्तान ने भी जानकारी दी कि घटना से पहले किसी तरह का रेडियो संपर्क नहीं हुआ था. उन्होंने यह भी बताया कि जहाज को पहले होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी गई थी, जिससे यह घटना और भी संदिग्ध बन जाती है.
इन घटनाओं के बाद वैश्विक व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि होर्मुज़ स्ट्रेट दुनिया के सबसे व्यस्त और संवेदनशील व्यापारिक रास्तों में से एक माना जाता है.


