नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है. ट्रंप के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते को मंजूरी दे दी है. यदि यह समझौता अंतिम रूप लेता है तो होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) को फिर से पूरी तरह खोलने और ईरानी बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नाकाबंदी हटाने का रास्ता साफ हो सकता है.
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ईरानी नेतृत्व इस समझौते पर सहमत हो चुका है. हालांकि, ईरान की ओर से अब तक किसी अंतिम मंजूरी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है और समझौते के कुछ बिंदुओं पर अभी भी चर्चा चल रही है.
व्हाइट हाउस में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या मोजतबा खामेनेई ने समझौते को मंजूरी दे दी है, तो उन्होंने जवाब दिया, "मुझे लगता है कि इसका जवाब हां है."
ट्रंप ने इस प्रस्तावित समझौते को "एक बहुत मजबूत समझौता ज्ञापन" बताया. उन्होंने कहा, "यह थोड़ा वैचारिक है, लेकिन यह कुछ ऐसा है जो पूरा हो जाएगा."
ट्रंप के अनुसार, प्रस्तावित समझौते के तहत ईरान यह सुनिश्चित करेगा कि वह भविष्य में परमाणु हथियार नहीं रखेगा. इसके साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को सामान्य करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. रिपोर्ट्स के अनुसार, समझौते में युद्धविराम को आगे बढ़ाने और व्यापक परमाणु वार्ता के लिए समय देने जैसे प्रावधान भी शामिल हो सकते हैं.
इस घटनाक्रम से पहले ट्रंप ने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी थी. हालांकि बाद में उन्होंने निर्धारित हमलों को रद्द करने का फैसला किया और कहा कि ईरानी नेतृत्व के साथ बातचीत महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुकी है. ट्रंप का कहना है कि समझौते की दिशा में हुई प्रगति के कारण सैन्य कार्रवाई को फिलहाल टाल दिया गया है.
इस बीच, ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान ने अब तक नए मसौदा समझौते पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अमेरिका द्वारा ईरान के प्रस्तावित मुख्य मसौदे को स्वीकार किए जाने के बाद इस शांति समझौते को अंतिम मंजूरी मिलने की संभावनाएं काफी मजबूत हो गई हैं. First Updated : Friday, 12 June 2026