Zelensky Trump Oval Office Meeting : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संभावित ओवल ऑफिस मीटिंग से पहले एक नया विवाद खड़ा हो गया है. व्हाइट हाउस ने सवाल किया है कि क्या ज़ेलेंस्की इस बार औपचारिक सूट पहनेंगे, क्योंकि पिछली मुलाकात के दौरान उनकी सैन्य शैली की पोशाक पर काफी विवाद हुआ था. इस बार मीटिंग में कई यूरोपीय नेता भी मौजूद रहेंगे, इसलिए व्हाइट हाउस ने ड्रेस को लेकर पहले से स्थिति स्पष्ट करना चाहा.
पिछली बार ड्रेस बनी थी विवाद का कारण
मार्च में हुई ट्रंप-जेलेंस्की बैठक में जेलेंस्की ने मिलिट्री ग्रीन जैकेट पहनी थी, जिसे उनके युद्धकालीन प्रतिबद्धता का प्रतीक माना गया. लेकिन ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से इस पर तंज कसा, जिससे वार्ता का माहौल तनावपूर्ण हो गया. एक अमेरिकी रिपोर्टर ने भी जेलेंस्की से पूछा था कि वे सूट क्यों नहीं पहनते, क्या उनके पास सूट है? इस पर ज़ेलेंस्की ने जवाब दिया था कि जब युद्ध खत्म होगा, तब वे सूट पहनेंगे.
अब की बार काली जैकेट पहन सकते हैं जेलेंस्की
एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, ज़ेलेंस्की इस बार कोई पारंपरिक सूट नहीं, बल्कि एक ब्लैक बिजनेस जैकेट पहन सकते हैं, जैसा कि उन्होंने नाटो शिखर सम्मेलन में किया था. इस ड्रेस को औपचारिकता और सैन्य भावनाओं के बीच संतुलन का प्रतीक माना जा रहा है.
ट्रंप से बातचीत में हो सकता है दबाव
इस बार जेलेंस्की की ट्रंप से मुलाकात का मकसद है रूस-यूक्रेन युद्ध में संभावित समाधान तलाशना. पिछले सप्ताह ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बैठक बेनतीजा रही थी, लेकिन अब अमेरिका, यूक्रेन को नाटो जैसी सुरक्षा गारंटी देने की संभावना पर विचार कर रहा है. ऐसे में ट्रंप की ओर से ज़ेलेंस्की पर मॉस्को के अनुकूल किसी समझौते के लिए दबाव डालने की संभावना जताई जा रही है.
जेलेंस्की का स्पष्ट रुख
जेलेंस्की ने साफ कर दिया है कि वह यूक्रेन का कोई भी क्षेत्र रूस को नहीं सौंपेंगे, लेकिन वे एक स्थायी शांति समझौते के लिए ट्रंप के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं. इस वार्ता में यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और नाटो के शीर्ष नेता भी शामिल होंगे, जिससे यह मुलाकात और अधिक महत्वपूर्ण बन जाती है.
First Updated : Monday, 18 August 2025