युद्ध या समझौता: ट्रंप-जेलेंस्की की 3 घंटे की मीटिंग का क्या निकला नतीजा?
रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच हुई बेहद अहम मुलाकात ने रूस-यूक्रेन युद्ध में नई उम्मीद की किरण जगा दी है. दोनों नेताओं की इस खास बातचीत से शांति की संभावनाएं और मजबूत हुईं हैं.

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच रविवार को हुई अहम मुलाकात के बाद रूस-यूक्रेन युद्ध के अंत को लेकर उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं. दोनों नेताओं ने संकेत दिए हैं कि शांति समझौता अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है, हालांकि कुछ जटिल मुद्दे अब भी समाधान की मांग कर रहे हैं.
मीटिंग के बाद दिए गए बयानों में साफ हुआ कि अमेरिका, यूक्रेन और यूरोपीय साझेदारों के बीच समन्वय बढ़ा है और युद्ध रोकने की दिशा में ठोस प्रगति हुई है. ट्रंप ने इस संघर्ष को दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे घातक युद्धों में से एक बताया.
युद्ध खत्म होने के बेहद करीब
मीटिंग के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जेलेंस्की के साथ उनकी बातचीत 'बेहद अच्छी' रही. उन्होंने बताया कि मीटिंग में कई अहम मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई. ट्रंप ने भरोसा जताया कि रूस-यूक्रेन युद्ध अब खत्म होने के बेहद करीब है. शायद पहले से कहीं ज्यादा.
उन्होंने आगे कहा कि इस मीटिंग के बाद उन्होंने और राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूरोपीय नेताओं से भी बातचीत की है और युद्ध रोकने की दिशा में अच्छी खासी प्रगति हुई है. ट्रंप के मुताबिक, यूक्रेन के 91 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि यह युद्ध खत्म हो, रूस भी यही चाहता है और पूरी दुनिया इस जंग के रुकने की उम्मीद कर रही है.
पुतिन क्या चाहते हैं?
डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि जेलेंस्की से मुलाकात से पहले उनकी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत हुई थी. पुतिन को लेकर ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उन्हें एक अलग ही अंदाज में देखा और यह महसूस किया कि वे भी युद्ध खत्म करना चाहते हैं. ट्रंप ने कहा कि उन्हें पुतिन पर भरोसा है.
पुतिन और जेलेंस्की के साथ संभावित मीटिंग को लेकर ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है ऐसा जरूर होगा, बस सही समय का इंतजार है. उन्होंने दोहराया कि पुतिन भी इस तरह की बैठक चाहते हैं और उन्होंने खुद इस बात पर जोर दिया है. यूक्रेन जाने की संभावना पर ट्रंप ने कहा कि अगर इससे युद्ध रुकता है और हर महीने करीब 25 हजार लोगों की जान बचाई जा सकती है, तो वे यूक्रेन जाने को तैयार हैं.
पुतिन ने दिखाया उदार रवैया
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस भी चाहता है कि यूक्रेन आगे बढ़े और सफल हो. ट्रंप ने कहा कि यह बात सुनने में थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन जब मैं राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात कर रहा था तो उन्होंने यूक्रेन को लेकर काफी उदार रुख दिखाया. इसमें बहुत कम कीमतों पर ऊर्जा, बिजली और दूसरी जरूरी चीजें देने की बात भी शामिल है. आज पुतिन से हुई फोन कॉल से कई अच्छी और सकारात्मक बातें निकलकर सामने आई हैं.
जेलेंस्की बोले- शांति समझौते पर बड़ी सहमति
मीटिंग के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि दोनों देशों के बीच सभी अहम मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि हमने सभी पहलुओं पर चर्चा की. अमेरिका के 20-पॉइंट शांति प्लान पर 90 प्रतिशत सहमति बन चुकी है. अमेरिका-यूक्रेन सुरक्षा गारंटी पर 100 प्रतिशत सहमति बन गई है.
जेलेंस्की ने बताया कि सैन्य पहलुओं पर भी सहमति बन चुकी है और योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसके साथ ही आगे की कार्रवाई के क्रम पर भी बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि सुरक्षा गारंटी स्थायी शांति हासिल करने का एक बेहद अहम कदम है. यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दोहराया कि यूक्रेन शांति के लिए पूरी तरह तैयार है.
जनवरी में वॉशिंगटन में अहम मीटिंग
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने जानकारी दी कि जनवरी महीने में डोनाल्ड ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में यूक्रेन और यूरोप के नेताओं के साथ एक अहम मीटिंग करेंगे. इस मीटिंग को युद्ध समाप्ति की दिशा में अगले बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है.


