भूल से भी खाने पीने की इन चीजों को फ्रिज में ना रखें, सेहत हो सकती है खराब

आपके किचन में कुछ ऐसे फूड्स हैं जिनको फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। इससे फूड का स्वाद, क्वालिटी खराब हो सकती है। चलिए जानते हैं कि किन चीजों को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए।

Vineeta Vashisth
Vineeta Vashisth
आप अपने घर के फ्रिज को कैसे इस्तेमाल करते हैं, इसका आपकी सेहत से बहुत बड़ा कनेक्शन है। कुछ लोग फ्रिज को अलमारी समझ लेते हैं और हर चीज उसमें बस ठूंसते जाते हैं, बिना ये जाने कि उस चीज को फ्रिज में रखने से क्या होगा। इस तरह फ्रिज में अक्सर ऐसे खाद्य पदार्थ रख दिए जाते हैं जिन्हें फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। इसलिए फ्रिज का इस्तेमाल करते वक्त ये जानना जरूरी है कि कौन से खाद्य पदार्थ फ्रिज में रखे जाने चाहिए और किन खाद्य पदार्थों को फ्रिज में बिलकुल नहीं रखना चाहिए। अगर आप ऐसा करते हैं तो खाद्य पदार्थ का स्वाद और गुणवत्ता खराब होगी, वो खाने योग्य नहीं रहेगा और अगर आपने उसे खाया तो आपकी सेहत बिगड़ सकती है। चलिए जानते हैं कि किन खाद्य पदार्थों को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। 
 
ब्रेड को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। जबकि हम सब लोग ब्रेड को बाजार से लाकर सीधा फ्रिज में ही रखते हैं। दरअसल अगर ब्रेड को फ्रिज में रखा जाए तो फ्रिज के अंदर उसकी नमी खत्म हो जाती है और वो  सूख कर कड़क हो जाती है और खाने योग्य नहीं रहती। इसलिए ब्रेड को फ्रिज के बाहर सामान्य तापमान पर रखना चाहिए। 
 
आलू हमारे किचन का अहम हिस्सा है। करीब पचास फीसदी सब्जियों में आलू मिलाया जाता है और इसके बिना किचन अधूरा लगता है। लेकिन आलू को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। अगर आप आलू को फ्रिज में रखते हैं तो फ्रिज के ठंडे तापमान के चलते आलू में मौजूद स्टार्च टूट जाता है और आलू मीठा हो जाता है। अगर आप आलू को फ्रिज में रखने के बाद पकाते हैं तो इसमें से एक्रायलामाइट रिलीज होता है जो एक खतरनाक कैमिकल है और पेट में जाने पर कैंसर का खतरा पैदा कर सकता है।
 
टमाटर भी ऐसी चीज है जिसे आमतौर पर लोग फ्रिज में ही रखते हैं। लेकिन आपको बता दें कि टमाटर को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। इससे  टमाटर का स्वाद और रंग दोनों के ही खराब होने का डर रहता है। फ्रिज में रखे जाने पर टमाटर की बाहरी परत जल्दी गलकर खराब हो जाती है औऱ टमाटर खाने के योग्य नहीं रहता। 
 
तरबूज को भी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। अगर तरबूज कटा नहीं है तो इसे बाहर ही सामान्य तापमान पर रखें। साबुत तरबूज को फ्रिज में रखने से इसके भीतर मौजूद एंटी ऑक्सिडेंट खत्म हो जाते हैं। हां काटने के बाद इसे फ्रिज में रखा जा सकता है।
 
प्याज एक अहम सब्जी है जो हमारी लगभग हर सब्जी का हिस्सा बनती है। प्याज को भी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। अगर हम प्याज को फ्रिज में रखते हैं तो इसकी ऊपरी परत गलने लगती है और प्याज मुलायम हो जाती है और गलने लगती है। प्याज को हमेशा सामान्य तापमान पर रखेंगे तो ये लंबे समय तक सही रहेगी।
 
शहद को भी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। अगर हम शहद को फ्रिज में रखते हैं तो ये क्रिस्टल में बदल जाता है और ठंडे तापमान में इसकी शुद्धता और पोषण खो जाते हैं। शहद को हमेशा सामान्य तापमान पर ही रखना चाहिए।
 
लहसुन को भी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। फ्रिज में नमी होने के कारण यहां रखा गया लहसुन अंकुरित हो  सकता है। आप कटे हुए लहसुन को एयर टाइट बैग में कुछ दिन के लिए फ्रिज में रख सकते हैं। लहसुन को लंबे समय तक स्टोर करना है तो सामान्य तापमान पर कागज के बैग में रखना चाहिए।
 
खीरा भी फ्रिज में नहीं रखे जाने की सलाह दी जाती है। खीरे को रूम टैंपरेचर में रखना सही होता है। अगर हम इसे फ्रिज में रखते हैं तो इसकी ऊपरी परत जल्दी गलने लगती है औऱ खीरा जल्दी खराब होता है। 
calender
29 March 2023, 10:23 AM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो