मकर संक्रांति के अवसर पर तिल और गुड़ की मिठाइयों का विशेष महत्व होता है. इस दिन घरों में तिल-गुड़ की बनी चीजें पूजा में चढ़ाई जाती हैं और फिर प्रसाद के रूप में सभी लोग इन्हें खाते हैं. साथ ही सर्दियों में सेहत बनाए रखने के लिए कई बार ये मिठाइयां स्टोर भी की जाती हैं. लेकिन पारंपरिक तिल-गुड़ की मिठाइयां बनाने में समय काफी लगता है.
ऐसे में अगर आप परिवार और मेहमानों के लिए जल्दी बनने वाली तिल की मिठाई की तलाश में हैं तो ये खास रेसिपी ‘तिल बुग्गा’ आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है. यह स्वादिष्ट मिठाई मुश्किल से 10-15 मिनट में तैयार हो जाती है और खाने में सौंधा स्वाद भी देती है.
तिल बुग्गा बनाने के लिए आपको चाहिए:-
100 ग्राम सफेद तिल
200 ग्राम खोया
200 ग्राम पाउडर शुगर (स्वाद अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं)
आधा चम्मच हरी इलायची पाउडर
यदि चाहें तो गार्निश के लिए बादाम, काजू या पिस्ता भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
सबसे पहले तिल को अच्छी तरह से छानकर साफ करें ताकि कोई कंकड़ न रह जाए.
तिल को ड्राई रोस्ट करें. फ्लेम लाइट रखें और लगातार चलाते हुए गोल्डन होने तक भूनें.
भुने हुए तिल को प्लेट में निकालकर ठंडा करें और फिर इसे बारीक पीस लें. यदि आपको साबुत तिल पसंद हैं तो 2-3 चम्मच अलग रख दें.
खोया को पैन में डालकर थोड़ी देर गर्म करें, जब तक कि इसमें से घी न निकलने लगे.
अब पीसे हुए तिल में गर्म खोया मिलाएं. हल्का ठंडा होने पर पाउडर शुगर और इलायची पाउडर डालें.
सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिलाएं ताकि मिश्रण बॉल बनाने लायक बन जाए. बचाए गए साबुत तिल भी इसमें मिला दें.
मिश्रण से छोटे-छोटे बॉल बनाकर हल्के हाथों से दबा दें. चाहें तो बीच में बादाम या पिस्ता रख सकते हैं.
बस, आपका तिल बुग्गा तैयार है. यह स्वाद में सौंधा और सर्दियों में सेहत बनाए रखने वाला है.
तिल बुग्गा मुंह में जाते ही घुल जाती है और यह कई लोगों को उनके बचपन की याद दिला देती है. बचपन में सर्दियों में पापा हलवाई की दुकान से तिल बुग्गा लाकर इसे खास अवसरों पर खिलाया करते थे. आज भी बाजारों में अलग-अलग मिठाइयों की स्टॉल्स पर तिल बुग्गा लोगों का पसंदीदा विकल्प है.
First Updated : Tuesday, 13 January 2026