नई दिल्ली: फल पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण सेहत का खजाना माने जाते हैं. विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर फल शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ कई बीमारियों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इसी कारण स्वास्थ्य विशेषज्ञ रोजाना फल या उनके जूस को आहार में शामिल करने की सलाह देते हैं.
इन्हीं फायदेमंद फलों में से एक है अनार, जिसका जूस अपने गुणों के लिए खास पहचान रखता है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि अनार का जूस यदि खाली पेट पिया जाए तो इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते हैं. हालांकि, यह भी जरूरी है कि ऐसा करने से पहले किसी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य ली जाए.
अनार का जूस प्यूनिकेलेजिन्स और एंथोसायनिन जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स से समृद्ध होता है, जो शरीर में जमा फ्री रेडिकल्स से लड़ने में मदद करते हैं. इसमें विटामिन C, विटामिन K और फोलेट प्रचुर मात्रा में मौजूद होते हैं.
मिनरल्स की बात करें तो अनार का रस पोटेशियम, मैग्नीशियम और आयरन का बेहतरीन स्रोत है. इसके अलावा इसमें पाई जाने वाली प्राकृतिक शुगर शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है.
खाली पेट अनार का जूस पीने से पाचन तंत्र सक्रिय होता है और पेट साफ होने में मदद मिलती है. यह शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में भी सहायक है, जिससे लिवर की कार्यक्षमता बेहतर बनती है.
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि खाली पेट अनार का जूस हार्ट हेल्थ को बढ़ावा देता है. यह ब्लड सर्कुलेशन में सुधार करता है, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है और LDL यानी खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने के साथ HDL यानी अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है. अनार का जूस ब्लड वेसल्स पर ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम कर हृदय रोगों का जोखिम घटाता है.
दिन की शुरुआत यदि अनार के जूस से की जाए तो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है. इसमें मौजूद विटामिन C संक्रमण से लड़ने में शरीर को मजबूत बनाता है, वहीं एंटीऑक्सीडेंट्स कोशिकाओं को क्षति से बचाते हैं और सूजन कम करने में मदद करते हैं.
खाली पेट अनार का जूस मेटाबॉलिज्म को सुधारने में मदद करता है. यह फैट सेल्स को तोड़ने में सहायक होता है और प्राकृतिक मिठास मीठा खाने की इच्छा को कम करती है. इसके अलावा यह आंतों की सेहत को बेहतर बनाकर वजन प्रबंधन में बड़ी भूमिका निभाता है.
हालांकि अनार का जूस बेहद फायदेमंद है, लेकिन सुबह इसका सेवन कुछ लोगों में हल्की एसिडिटी या सीने में जलन पैदा कर सकता है. यह शरीर में शुगर लेवल भी बढ़ा सकता है, इसलिए सावधानी जरूरी है. हमेशा ताजा या 100% शुद्ध अनार का जूस ही पिएं और इसमें अतिरिक्त चीनी बिल्कुल न मिलाएं. सुबह खाली पेट 1 छोटा गिलास (100–150 ml) अनार का जूस पीने के 20–30 मिनट बाद हल्का नाश्ता अवश्य करें.
Disclaimer:- इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है. किसी भी तरह की डाइट या हेल्थ रूटीन शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें. First Updated : Saturday, 29 November 2025