Air Attack Safety Tips: पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है. इस हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई, जिससे पूरे देश में आक्रोश की लहर दौड़ गई है. इसके जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइलों से हमला किया, जिसमें 9 आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया गया.
इस सैन्य कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात बनते नजर आ रहे हैं. ऐसी स्थिति में आम नागरिकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर हवाई हमला होता है, तो जान कैसे बचाई जाए. आइए जानते हैं कुछ बेहद जरूरी और स्मार्ट तरीके, जो किसी भी एयर अटैक के दौरान आपकी जान बचा सकते हैं.
जब भी किसी संभावित हवाई हमले का खतरा होता है, तो प्रशासन सायरन या अलर्ट जारी करता है. यदि आपके इलाके में सायरन बजता है, तो इसे नजरअंदाज न करें. तुरंत किसी सुरक्षित स्थान की ओर रुख करें.
अपने घर, कार्यस्थल या स्कूल के पास मौजूद किसी बंकर या अंडरग्राउंड शेल्टर की जानकारी पहले से रखें. यदि बंकर न हो, तो मजबूत दीवारों वाला कमरा चुनें, जिसमें खिड़कियां कम हों.
यदि आपके पास बंकर की सुविधा नहीं है, तो घर के भीतर ही रहें. सभी खिड़कियों और दरवाजों को बंद करें और पर्दे खींच लें ताकि कांच के टूटने से बचाव हो सके.
आपात स्थिति के लिए एक सर्वाइवल किट तैयार रखें, जिसमें टॉर्च, बैटरियां, प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स, पानी, सूखा भोजन, पावर बैंक, रेडियो और जरूरी दस्तावेज हों.
कई बार हवाई हमलों के दौरान संचार सेवा बाधित हो सकती है. ऐसे में बैटरी से चलने वाला रेडियो आपको सरकारी अलर्ट और जरूरी सूचनाएं देता रहेगा.
हवाई हमले की स्थिति में बाहर जाना जानलेवा हो सकता है. सड़कें खाली दिखें, तब भी बाहर न निकलें. ड्रोन या मिसाइल अटैक के दौरान छिपे रहना ही सबसे सुरक्षित तरीका है.
ऐसे संकट के समय बच्चों और बुजुर्गों को पहले सुरक्षित स्थान पर ले जाएं. उनकी जरूरतों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें घबराने न दें.
टीवी, रेडियो और ऑफिशियल सोशल मीडिया चैनलों पर दिए गए सरकारी निर्देशों का पालन करें. अफवाहों पर विश्वास न करें और घबराहट में कोई फैसला न लें.
अपने परिवार और प्रियजनों से संपर्क बनाए रखें, लेकिन मोबाइल नेटवर्क पर अधिक लोड न डालें. जरूरी होने पर ही कॉल करें और मैसेजिंग का इस्तेमाल करें. First Updated : Wednesday, 07 May 2025