Healthy Breakfast: अगर आप दिन की शुरुआत हेल्दी और एनर्जेटिक नाश्ते के साथ करना चाहते हैं तो ओट्स पोहा आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है. यह न केवल स्वाद में लाजवाब होता है बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद होता है. फाइबर और प्रोटीन से भरपूर यह डिश वजन कम करने में मदद करती है पाचन क्रिया को बेहतर बनाती है और ब्लड शुगर को भी नियंत्रित रखती है. इसे बनाना भी बेहद आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री आपको आसानी से किचन में मिल जाएगी. तो आइए जानते हैं ओट्स पोहा बनाने की स्टेप बाय स्टेप विधि.
ओट्स – ½ कप
तेल – 2 बड़े चम्मच
सरसों के दाने – 1 छोटा चम्मच
जीरा – ½ छोटा चम्मच
करी पत्ता – 10-12
हरी मिर्च (कटी हुई) – 1 बड़ा चम्मच
प्याज (कटा हुआ) – ¼ कप
गाजर (कटी हुई) – ¼ कप
शिमला मिर्च – ¼ कप
फ्रेंच बीन्स – ¼ कप
हल्दी पाउडर – ½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
नींबू का रस – स्वादानुसार
धनिया पत्ता – गार्निशिंग के लिए
सबसे पहले आधा कप ओट्स को साफ पानी से धो लें. फिर पानी को अच्छी तरह से छानकर ओट्स को अलग रख दें.
एक पैन को मध्यम आंच पर गरम करें. उसमें तेल डालें और फिर उसमें सरसों के दाने, जीरा और करी पत्ता डालें. जैसे ही ये चटकने लगे, इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च और प्याज डालें.
जब प्याज सुनहरा हो जाए, तब गाजर, शिमला मिर्च, फ्रेंच बीन्स और मटर डालें. अच्छी तरह से मिलाकर ढककर पकाएं ताकि सब्जियां नरम हो जाएं. गैस की आंच धीमी रखें.
सब्जियों के पक जाने के बाद उसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. सब कुछ अच्छी तरह से मिला लें.
अब इसमें धोए हुए ओट्स डालें और मिक्स करें. साथ में आधा गिलास पानी डालें और धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकने दें.
गैस बंद करें और तैयार पोहा में नींबू का रस और बारीक कटी धनिया पत्ती मिलाएं. अब गरमा-गरम ओट्स पोहा को सर्व करें. First Updated : Monday, 13 October 2025