बचे हुए चावल अक्सर फ्रिज में पड़े रह जाते हैं और उन्हें फेंकने का मन नहीं करता. अगर आप भी रोजाना चावल बनाते हैं और बचे हुए चावल का बेहतरीन इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो दही चावल कटलेट आपके लिए परफेक्ट रेसिपी है. बाहर से सुनहरे और कुरकुरे तथा अंदर से नरम और स्वादिष्ट ये कटलेट शाम के नाश्ते या चाय के साथ खाने में बेहद लाजवाब लगते हैं. इनमें कम तेल का इस्तेमाल होता है और ये जल्दी बनकर तैयार हो जाते हैं.
1 कप बचे हुए चावल आधा कप गाढ़ा दही
1 मीडियम साइज उबला हुआ आलू (अच्छे से मैश किया हुआ)
1 बारीक कटा हुआ प्याज
1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटा टुकड़ा अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
2 चम्मच हरा धनिया
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा चम्मच गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
2 से 3 चम्मच बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स
शैलो फ्राई करने के लिए तेल
एक बड़े बाउल में बचे हुए चावल डालें और उन्हें हल्का सा मैश कर लें. अब इसमें गाढ़ा दही डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद मैश किया हुआ आलू, बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरा धनिया डालें. अब लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर पूरे मिश्रण को अच्छे से मिक्स करें. मिश्रण को अच्छे से बाइंड करने के लिए इसमें बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स डालें और फिर से मिलाएं.
इस मिश्रण से छोटे-छोटे कटलेट बनाकर मनचाहा आकार दें. एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और मीडियम गैस पर कटलेट को शैलो फ्राई करें. कटलेट को दोनों तरफ से पलट-पलट कर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेक लें. गर्मागर्म दही चावल कटलेट तैयार हैं. इन्हें हरी चटनी, टोमैटो सॉस या इमली की चटनी के साथ सर्व करें. First Updated : Tuesday, 07 April 2026