मानसा में अकाली दल को बड़ा झटका, यूथ जिला प्रधान हनीश बंसल समर्थकों संग AAP में शामिल

पंजाब के मानसा जिले में शिरोमणि अकाली दल को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी के यूथ जिला प्रधान हनीश बंसल ने अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

चंडीगढ़: पंजाब के मानसा जिले में शिरोमणि अकाली दल को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी के यूथ जिला प्रधान हनीश बंसल ने अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया. 24 जुलाई को चंडीगढ़ में आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मन ने हनीश बंसल को पार्टी का पारंपारिक सिरोपा पहनाकर 'आप' परिवार में स्वागत किया.

अकाली दल को लगा बड़ा झटका

हनीश बंसल मानसा क्षेत्र में अकाली दल के एक मजबूत और सक्रिय युवा चेहरे के रूप में जाने जाते रहे हैं. उन्होंने संगठन में लंबे समय तक विभिन्न जिम्मेदार पदों पर रहकर काम किया है. उनके इस फैसले को मानसा और आसपास के क्षेत्रों में अकाली दल के कैडर के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है.

संगठन विस्तार और नीतियों पर जोर

पार्टी में नए साथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुम्मन ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कार्यशैली और नीतियां हमेशा से समाज के हर तबके को साथ लेकर चलने की रही हैं. उन्होंने कहा कि हनीश बंसल जैसे निष्ठावान और जमीनी स्तर पर पकड़ रखने वाले युवा नेता के जुड़ने से मानसा जिले में पार्टी का ढांचा और अधिक मजबूत होगा. घुम्मन ने भरोसा दिलाया कि पार्टी में हनीश बंसल और उनके समर्थकों को पूरा मान-सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी.

बंसल ने बताया 'आप' में शामिल होने का कारण

आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद हनीश बंसल ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री भगवंत मान की पारदर्शी शासन मॉडल से बेहद प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार जिस तरह से आम जनता, युवाओं और समाज के हर वर्ग के लिए काम कर रही है, उसी से प्रेरित होकर उन्होंने यह राजनीतिक कदम उठाया है. बंसल ने कहा कि वे 'आप' की जनकल्याणकारी नीतियों को मानसा जिले के घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मानसा जैसे प्रमुख जिले में यूथ विंग के मुख्य पदाधिकारी का पाला बदलना स्थानीय स्तर पर अकाली दल के लिए चुनौती पैदा करेगा. वहीं आम आदमी पार्टी को मालवा क्षेत्र के युवाओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने का सीधा मौका मिलेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो