अभिभावक बने केजरीवाल, न्याय की जंग में बच्चों के साथ खड़ी AAP, शुरू किया कानूनी मदद का अभियान

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देशों पर AAP की लीगल और मेडिकल टीम दिल्ली के अलग-अलग थानों और अस्पतालों में सक्रियता से डटी हुई है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर और 'संसद चलो' मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी छात्रों और युवाओं के हक में आम आदमी पार्टी (AAP) पूरी मजबूती से खड़ी हो गई है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देशों पर AAP की लीगल और मेडिकल टीम दिल्ली के अलग-अलग थानों और अस्पतालों में सक्रियता से डटी हुई है.

छात्रों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए आम आदमी पार्टी द्वारा जारी विशेष हेल्पलाइन नंबर (8588833548) पर लगातार फोन और संदेश आ रहे हैं. पार्टी के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस हेल्पलाइन के जरिए अब तक करीब 500 प्रभावित छात्रों और युवाओं को समय पर कानूनी व चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है.

केजरीवाल पहुंचे मंदिर मार्ग थाना, 80 छात्र रिहा

पूरे घटनाक्रम में उस वक्त मोड़ आया जब अरविंद केजरीवाल खुद दिल्ली के मंदिर मार्ग थाने पहुंचे. वहां उन्होंने पुलिस हिरासत में रखे गए युवाओं से मुलाकात की और स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक हिरासत में लिए गए सभी निर्दोष बच्चों को छोड़ नहीं दिया जाता, वे थाने से वापस नहीं लौटेंगे.
अरविंद केजरीवाल के इस कड़े रुख और लीगल टीम की मुस्तैदी के बाद मंदिर मार्ग, पार्लियामेंट स्ट्रीट समेत अन्य संबंधित थानों से करीब 70 से 80 छात्रों को तुरंत रिहा कराया गया. इसके अलावा, अशोक विहार इलाके से भी कुछ फंसे हुए छात्रों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि परिजनों से बिछड़े एक लापता छात्र को खोजकर उसके घर पहुंचाया गया.

युवाओं के हक की लड़ाई

आम आदमी पार्टी ने दोहराया है कि छात्रों का यह आंदोलन कोई राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि देश के भविष्य और उनके बुनियादी अधिकारों की लड़ाई है. लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना और अपनी मांगें रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे कठिन समय में जब युवा पुलिसिया कार्रवाई और मुकदमों का सामना कर रहे हैं, उनका साथ देना हर जिम्मेदार नागरिक का सामाजिक और नैतिक फर्ज बनता है. आम आदमी पार्टी ने कहा जिस प्रकार हमने ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दौरान अन्नदाताओं की आवाज को संसद से लेकर सड़क तक बुलंद किया था, ठीक उसी प्रतिबद्धता के साथ आज देश के युवाओं के साथ खड़े हैं.

थानों में डटी लीगल टीम

जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर जुटे प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए पार्टी ने कहा कि आंदोलन में शामिल किसी भी युवा को अकेला महसूस नहीं करने दिया जाएगा. वकीलों का विशेष दल लगातार विभिन्न पुलिस स्टेशनों के संपर्क में है ताकि किसी छात्र पर फर्जी मुकदमे न थोपे जाएं. पार्टी के अनुसार, 8588833548 हेल्पलाइन सेवा चौबीसों घंटे चालू रहेगी और जब तक सभी छात्रों की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित नहीं हो जाता, कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर यह संघर्ष जारी रहेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो