दिल्ली मेट्रो यात्रियों को बड़ा झटका, नई दिल्ली स्टेशन अगले आदेश तक बंद, इंटरचेंज सुविधा भी ठप
DMRC ने सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर 'न्यू दिल्ली' मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक पूरी तरह से बंद करने की घोषणा की है. इस फैसले के तहत अब इस प्रमुख स्टेशन पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं रहेगी.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नीट परीक्षा में धांधली के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में चल रहे उग्र विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सख्त कदम उठाए हैं. DMRC ने सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर 'न्यू दिल्ली' मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक पूरी तरह से बंद करने की घोषणा की है. इस फैसले के तहत अब इस प्रमुख स्टेशन पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं रहेगी.
सोशल मीडिया के जरिए DMRC की सूचना
DMRC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों के तहत न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को बंद किया गया है. इस स्टेशन पर प्रवेश, निकास और ट्रेन बदलने की प्रक्रिया पूरी तरह रोक दी गई है. DMRC ने अचानक हुई इस असुविधा के लिए यात्रियों से खेद जताया है और उन्हें यात्रा की योजना बनाने से पहले वैकल्पिक मार्गों का चयन करने की सलाह दी है.
मध्य दिल्ली के 17 अन्य प्रमुख स्टेशन भी प्रभावित
इससे पूर्व DMRC ने लुटियंस और मध्य दिल्ली के 17 अति-संवेदनशील मेट्रो स्टेशनों को सुरक्षा कारणों से बंद करने का फैसला लिया था. शुरुआती व्यवस्था के दौरान राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे स्टेशनों पर केवल ट्रेन बदलने (इंटरचेंज) की छूट दी गई थी, लेकिन अब न्यू दिल्ली स्टेशन को पूरी तरह सील कर दिए जाने से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले रेल यात्रियों और दैनिक यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है.
बंद किए गए अन्य 17 मेट्रो स्टेशनों की सूची
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
- झंडेवालान
राजधानी में हाई अलर्ट और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात
जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास बढ़ते जनसैलाब और हिंसक झड़पों की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों (RAF) को हाई अलर्ट पर रखा गया है. पुलिस मुख्यालय ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों की नियमित छुट्टियां पहले ही रद्द कर दी हैं. सुरक्षा एजेंसियों का प्रयास है कि प्रदर्शनकारी किसी भी स्थिति में संसद भवन या अन्य उच्च सुरक्षा वाले सरकारी परिसरों की तरफ न बढ़ सकें. DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो के आधिकारिक अपडेट्स अवश्य जांच लें.


