गर्मियों का मौसम आते ही घरों में ठंडक और ताजगी देने वाले रायते की मांग बढ़ जाती है. ये हल्के, हाइड्रेटिंग और डाइजेशन के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं, जो लंच या डिनर को रिफ्रेशिंग बनाते हैं. खीरा, ककड़ी, पुदीना, लौकी और मिक्स फ्रूट जैसे रायते न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होते हैं, बल्कि शरीर को भी गर्मी से बचाने में मदद करते हैं.
अगर आप इस समर में अपने खाने को हेल्दी और मजेदार बनाना चाहते हैं तो ये पांच सबसे लोकप्रिय और आसान रायता रेसिपी आपके लिए परफेक्ट हैं. ये सभी रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती हैं और घर के बेसिक सामान से ही बनाई जा सकती हैं.
गर्मियों में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला रायता खीरा का रायता ही है. ये पानी से भरपूर होता है और शरीर को ठंडक प्रदान करता है. खीरे के बीज वाले हिस्से को निकालकर कद्दूकस कर लें. एक बाउल में दही को अच्छी तरह फेंटकर चिकना बना लें. इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा डालें और स्वादानुसार काला नमक, काली मिर्च पाउडर मिलाएं. तैयार है आपका ताजगी भरा खीरा का रायता.
खीरे की तरह ही ककड़ी का रायता भी समर स्पेशल माना जाता है. ये हाइड्रेटिंग होने के साथ-साथ विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर होता है. ककड़ी को अच्छी तरह धोकर कद्दूकस कर लें. दही को व्हिस्क करके चिकना करें, फिर कद्दूकस की हुई ककड़ी मिलाएं. इसमें बेसिक मसाले या तैयार रायता मसाला डालकर सर्व करें.
समर में सबसे कूलिंग और स्वादिष्ट रायता पुदीना का होता है. ये पाचन को दुरुस्त रखने में भी मदद करता है. पुदीना की पत्तियां, जरूरत अनुसार हरी मिर्च और थोड़ी धनिया पत्ती का बारीक पेस्ट बना लें. फेंटे हुए दही में यह पेस्ट मिलाएं. भुना जीरा पाउडर, काला नमक और स्वादानुसार लाल मिर्च पाउडर डालें. चाहें तो ऊपर से बूंदी छिड़ककर सर्व करें.
गर्मियों में लौकी की सब्जी की तरह इसका रायता भी बहुत फायदेमंद होता है. ये पानी से भरपूर और डाइजेशन फ्रेंडली है.
दही को अच्छी तरह फेंट लें. लौकी को कद्दूकस करके स्टीम में हल्का पका लें. ठंडा होने पर इसे दही में मिलाएं और बेसिक मसाले डालें. स्वाद बढ़ाने के लिए 1 छोटा चम्मच तेल में तड़का लगा सकते हैं.
गर्मियों के लिए मिक्स फ्रूट रायता एकदम परफेक्ट है, जिसे आप मिड-डे स्नैक या वन-पॉट मील की तरह भी ले सकते हैं.
फ्रेश दही में थोड़ी चीनी मिलाकर अच्छी तरह व्हिस्क करें. इसमें कटे हुए सेब, अंगूर, अनार के दाने जैसे फल डालें. काला नमक, भुना जीरा पाउडर मिलाएं और पुदीने की पत्तियों से गार्निश करें. चाहें तो कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा-ठंडा सर्व करें.
First Updated : Tuesday, 10 March 2026