समर स्पेशल: गर्मियों का मौसम शुरू होते ही लोग ऐसे खाने की तलाश करते हैं जो शरीर को ठंडक दे और पाचन को भी दुरुस्त रखे. ऐसे में दही एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है. ठंडा दही शरीर को राहत देता है और गर्मी में होने वाली पेट से जुड़ी परेशानियों को कम करने में मदद करता है.
दही में प्रोटीन और कैल्शियम भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, इसलिए इसे वजन कम करने वाली डाइट में भी शामिल किया जाता है. इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराते हैं. आज हम आपको दही से बनने वाली दो आसान और स्वादिष्ट रेसिपी के बारे में बता रहे हैं, जो गर्मियों में डाइजेशन को बेहतर रखने में मदद कर सकती हैं.
बूंदी रायता गर्मियों में खाने के लिए एक हल्की और ठंडक देने वाली डिश मानी जाती है. इसमें गाढ़ा दही और हल्की भीगी हुई बूंदी का इस्तेमाल किया जाता है. यह स्वाद में अच्छा होने के साथ-साथ पाचन के लिए भी फायदेमंद होता है और रोजमर्रा के खाने के साथ आसानी से खाया जा सकता है.
सबसे पहले एक बाउल में दही को अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह स्मूद हो जाए.अगर दही ज्यादा गाढ़ा लगे तो उसमें थोड़ा पानी मिलाकर उसकी कंसिस्टेंसी सही कर लें.इसके बाद बूंदी को 2-3 मिनट के लिए हल्के गर्म पानी में भिगो दें और फिर हल्के हाथ से दबाकर उसका पानी निकाल दें.अब भीगी हुई बूंदी को दही में डालें और उसमें भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च और नमक मिलाएं.अच्छी तरह मिक्स करने के बाद ऊपर से हरा धनिया और पुदीना डाल दें.इसे लगभग 20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें और फिर ठंडा-ठंडा सर्व करें.
कढ़ी पकौड़ा दही और बेसन से बनने वाला एक स्वादिष्ट और हल्का व्यंजन है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन के लिए फायदेमंद होते हैं, जबकि बेसन प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है. हल्के पकौड़ों के साथ बनी कढ़ी खाने में स्वादिष्ट लगती है और पेट पर ज्यादा भारी भी नहीं पड़ती.
सबसे पहले एक बाउल में दही और बेसन को अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गांठें न रहें.इसके बाद इसमें पानी मिलाकर एक स्मूद घोल तैयार कर लें.अब एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें.फिर दही वाला मिश्रण इसमें डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न बनें.अब इसमें हल्दी और नमक डालकर धीमी आंच पर पकने दें, जब तक कढ़ी थोड़ी गाढ़ी न हो जाए.पकौड़े बनाने के लिए बेसन का थोड़ा गाढ़ा घोल तैयार करें और छोटे-छोटे पकौड़े एयर फ्रायर में 5-7 मिनट तक पकाएं.तैयार पकौड़ों को कढ़ी में डालकर करीब 5 मिनट तक पकने दें.अंत में ऊपर से हरा धनिया डालें और गरमागरम सर्व करें. First Updated : Thursday, 12 March 2026