Summer Special: आम से बना ऐसा मीठा पराठा, जिसके आगे पूरन पोली भी लगे फीकी
गर्मियों में आम से बनी नई-नई डिश ट्राई करना हर किसी को पसंद होता है. अगर आप भी कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो आंबा पोली एक आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन है -मीठा, आसान और बेहद लाजवाब.

आंबा पोली रेसिपी: गर्मियों का मौसम भले ही तेज धूप और उमस लेकर आता हो, लेकिन इसी मौसम की सबसे खास बात है बाजार में मिलने वाले रसीले आम. फलों के राजा आम का इंतजार लोग पूरे साल करते हैं, ताकि उसके अलग-अलग स्वाद और उससे बनी स्वादिष्ट डिशेज का आनंद ले सकें. खट्टे-मीठे आम से बनी चीजें हर किसी को पसंद आती हैं और इसी कड़ी में एक खास डिश है-आंबा पोली.
आम का सीजन आते ही ज्यादातर लोग मैंगो शेक और मैंगो लस्सी बनाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो आंबा पोली आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. नाम सुनकर भले ही यह डिश थोड़ी अलग लगे, लेकिन इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे.
हापुस आम से बनती है खास आंबा पोली
वैसे तो आम को फलों का राजा कहा जाता है, लेकिन वलसाड का हापुस यानी अल्फांसो आम सबसे खास माना जाता है. इसकी कीमत करीब 1200 से 1500 रुपये किलो तक होती है और इसका स्वाद भी अन्य आमों से अलग होता है. यही वजह है कि इसकी मांग विदेशों में भी काफी ज्यादा है. हालांकि, आंबा पोली बनाने के लिए आप किसी भी तरह के आम का इस्तेमाल कर सकते हैं.
आंबा पोली बनाने के लिए सामग्री
- देसी घी
- सूजी
- आम की प्यूरी
- जायफल पाउडर
- हरी इलायची पाउडर
- चीनी
- मिल्क पाउडर
- गेहूं का आटा
- नमक
- हल्दी
- पानी
स्टेप बाय स्टेप ऐसे बनाएं आंबा पोली
1. सबसे पहले कड़ाही में देसी घी गर्म करें और उसमें सूजी डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद इसमें आम की प्यूरी, जायफल पाउडर और हरी इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं
2. कुछ मिनट पकाने के बाद इसमें चीनी डालें और मिश्रण को गाढ़ा होने तक पकाते रहें. फिर इसमें मिल्क पाउडर मिलाकर कुछ देर चलाएं और ठंडा होने के लिए अलग रख दें.
3. अब गेहूं के आटे में नमक, हल्दी और देसी घी डालकर आटा गूंथ लें. इस आटे को एक कटोरे में पानी में डालकर लगभग एक घंटे के लिए भिगोकर रखें. तय समय के बाद आटे को पानी से निकालकर दोबारा हल्के हाथों से गूंथ लें, ताकि रोटी बेलते समय फटे नहीं.
4. इसके बाद आटे की छोटी लोई बनाकर उसमें तैयार आम की स्टफिंग भरें और हल्के हाथों से बेलकर रोटी का आकार दें. अब इसे गर्म तवे पर दोनों तरफ से देसी घी लगाकर अच्छे से सेंक लें.
ऐसे परोसें आंबा पोली
तैयार आंबा पोली को आप दूध या आम रस के साथ परोस सकते हैं. यह नाश्ते के लिए एक परफेक्ट डिश है, जिसे बच्चे भी बड़े चाव से खाते हैं. अगर आपके घर में भी आम पसंद किया जाता है, तो यह आसान और स्वादिष्ट रेसिपी जरूर ट्राई करें.


