Weight Loss: आजकल लोग वजन घटाने के लिए तरह-तरह के डाइट प्लान और एक्सरसाइज फॉलो करते हैं, लेकिन जब बिना किसी कोशिश के अचानक वजन कम होने लगे तो यह चिंता का विषय हो सकता है. यदि आपका खानपान सही है, फिर भी आपका वजन तेजी से घट रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें. यह कोई गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है.
1. हाइपरथायरायडिज्म: यदि थायरॉएड ग्लैंड अधिक सक्रिय हो जाता है तो इसे हाइपरथायरायडिज्म कहते हैं. यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज कर देता है, जिससे शरीर तेजी से कैलोरी बर्न करने लगता है और वजन घटने लगता है.
2. रूमेटॉएड अर्थराइटिस: यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर की इम्यून सिस्टम जोड़ों की परत पर हमला करने लगती है. इस स्थिति में शरीर का मेटाबॉलिज्म तेज हो जाता है, जिससे वजन कम होने लगता है.
3. डायबिटीज: यदि आपको टाइप 1 डायबिटीज है, तो शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता, जिससे ऊर्जा के लिए ग्लूकोज का उपयोग नहीं हो पाता और वजन तेजी से कम होने लगता है.
4. डिप्रेशन: मानसिक स्वास्थ्य भी वजन पर असर डाल सकता है. डिप्रेशन, स्ट्रेस और एंग्जायटी के कारण भूख कम हो सकती है या व्यक्ति ज्यादा खाना बंद कर सकता है, जिससे वजन कम होने लगता है.
5. कैंसर: अमेरिकन कैंसर सोसायटी के अनुसार, तेजी से वजन कम होना कैंसर का शुरुआती लक्षण हो सकता है. खासतौर पर फेफड़ों, पेट, पैंक्रियाज और ग्रासनली (ईसोफैगस) के कैंसर में यह आमतौर पर देखा जाता है.
6. हृदय रोग: कार्डिएक कैचेक्सिया नामक स्थिति में शरीर मांसपेशियों, हड्डियों और वसा की मात्रा तेजी से खो देता है, जिससे व्यक्ति का वजन तेजी से गिरता है.
अगर बिना किसी कारण के 6 से 12 महीनों में शरीर का 5% वजन कम हो रहा है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. सही समय पर जांच करवाकर गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है. First Updated : Saturday, 15 March 2025