क्यों सेलिब्रिटीज की पहली पसंद बन रहा उदयपुर? रश्मिका-विजय की शादी ने फिर बढ़ाया क्रेज
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने उदयपुर के लग्जरी Mementos by ITC Hotels में शाही अंदाज में शादी की, जिसमें करीब 100 खास मेहमान शामिल हुए. उदयपुर अपनी झीलों, महलों और लग्जरी रिजॉर्ट्स की वजह से डेस्टिनेशन वेडिंग का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां हर बजट और थीम के अनुसार शानदार वेन्यू उपलब्ध हैं.

राजस्थान का ऐतिहासिक शहर उदयपुर एक बार फिर चर्चा में है. इसकी वजह है साउथ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ी रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शाही शादी. 26 फरवरी को इस कपल ने उदयपुर के शानदार और लग्जरी रिजॉर्ट ‘मेमेंटोस बाय आईटीसी होटल्स’ में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए.
100 चुनिंदा मेहमानों को किया गया आमंत्रित
इस खास मौके पर करीब 100 चुनिंदा मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया था. अरावली की पहाड़ियों और खूबसूरत झीलों से घिरा उदयपुर लंबे समय से डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पसंदीदा जगह बना हुआ है. यहां की भव्य हवेलियां, महल और हेरिटेज होटल शादी को किसी फिल्मी सीन जैसा भव्य और यादगार बना देते हैं.
उदयपुर में हर तरह के बजट और थीम के अनुरूप वेडिंग वेन्यू उपलब्ध हैं. चाहे कोई पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में शादी करना चाहता हो या मॉडर्न और प्राइवेट समारोह आयोजित करना चाहता हो, यहां सभी सुविधाएं आसानी से मिल जाती हैं. यही वजह है कि सेलिब्रिटीज के साथ-साथ आम लोग भी अपने खास दिन को यादगार बनाने के लिए उदयपुर को चुनते हैं.
‘मेमेंटोस बाय आईटीसी होटल्स’ में शादी
रश्मिका और विजय ने जिस ‘मेमेंटोस बाय आईटीसी होटल्स’ में शादी की, वह शहर के सबसे महंगे और खूबसूरत रिजॉर्ट्स में गिना जाता है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां शादी आयोजित करने का खर्च करीब 90 लाख रुपये तक पहुंच सकता है, जो सजावट, मेहमानों की संख्या और अन्य सुविधाओं के अनुसार बढ़ भी सकता है. वहीं, यहां एक दिन के ठहरने का किराया लगभग 20 हजार से 50 हजार रुपये तक होता है. झील के किनारे स्थित यह रिजॉर्ट शानदार व्यू और लग्जरी सुविधाओं के लिए जाना जाता है.
इसके अलावा, बजट फ्रेंडली विकल्पों में राम्या रिजॉर्ट एंड स्पा भी काफी लोकप्रिय है. अरावली की वादियों में स्थित यह वेन्यू खुले लॉन, पूल साइड स्पेस और बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं देता है, जो 150 से 300 मेहमानों के लिए उपयुक्त है. यहां शादी के पैकेज अपेक्षाकृत किफायती होते हैं.
द रॉयल रिट्रीट रिजॉर्ट एंड स्पा भी शाही थीम वाली शादी के लिए जाना जाता है. यहां का पारंपरिक राजस्थानी डिजाइन और विशाल लॉन समारोह को भव्य बनाते हैं. इस वेन्यू पर शादी का खर्च औसतन 45 लाख रुपये तक हो सकता है, जबकि कैटरिंग की कीमत प्रति प्लेट 2,600 से 3,000 रुपये के बीच रहती है.
आनंता स्पा एंड रिजॉर्ट भी लेक और हिल व्यू के साथ आधुनिक शादी के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है. यहां 100 से 400 मेहमानों के लिए इनडोर और आउटडोर दोनों तरह की व्यवस्था उपलब्ध है, और शादी का कुल बजट लगभग 45 लाख रुपये तक पहुंच सकता है.
रामादा उदयपुर रिजॉर्ट एंड स्पा के बारे में जानें
वहीं, रामादा उदयपुर रिजॉर्ट एंड स्पा शहर के भीतर स्थित एक सुविधाजनक विकल्प है, जहां 150 से 350 मेहमानों के लिए शादी का आयोजन किया जा सकता है. यहां 2 से 3 दिन के वेडिंग इवेंट का कुल खर्च करीब 30 लाख रुपये से शुरू होता है. कुल मिलाकर, उदयपुर हर कपल को उनकी पसंद और बजट के अनुसार एक परफेक्ट डेस्टिनेशन वेडिंग का अनुभव देने में सक्षम है.


