सपनों की दुनिया रहस्यमयी और भावनाओं से भरी होती है. कभी डरावने दृश्य दिखते हैं तो कभी बेहद सुखद अनुभव मिलते हैं. स्वप्न शास्त्र में इन सपनों के पीछे छिपे संदेशों को बहुत गहराई से समझाया गया है. आजकल कई लोगों के मन में एक खास सवाल उठ रहा है कि अगर सपने में सूर्य ग्रहण दिखाई दे तो इसका क्या मतलब होता है? क्या यह शुभ है या अशुभ?
सपना शास्त्र के जानकारों के अनुसार, सपने में सूर्य ग्रहण देखना जीवन में बड़े बदलावों, रिश्तों में उतार-चढ़ाव या आर्थिक स्थिति में बदलाव का संकेत दे सकता है. तो आइए विस्तार से जानते हैं कि अलग-अलग तरह के सूर्य ग्रहण के सपने क्या संदेश देते हैं.
सपना शास्त्र के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति को सपने में पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देता है, तो यह जीवन में किसी बड़े परिवर्तन का संकेत माना जाता है. खासकर यह किसी महत्वपूर्ण रिश्ते के टूटने या पूरी तरह खत्म होने की ओर इशारा कर सकता है. ऐसे सपने को गंभीरता से लेना चाहिए और रिश्तों पर ध्यान देना जरूरी होता है.
सपने में आंशिक सूर्य ग्रहण दिखना जीवन में आने वाली मुश्किलों का संकेत देता है. हालांकि, यह सपना पूरी तरह नकारात्मक नहीं है. स्वप्न शास्त्र में कहा गया है कि इन परेशानियों का सामना करने के बाद व्यक्ति खुद ही समाधान ढूंढ लेगा और स्थिति सामान्य हो जाएगी. यह सपना संघर्ष के बाद सफलता का भी प्रतीक हो सकता है.
अगर सपने में सूर्य ग्रहण के समय चारों ओर अंधेरा छा जाता है, तो स्वप्न शास्त्र इसे धन की हानि या आर्थिक नुकसान का संकेत मानता है. ऐसे सपने आने पर वित्तीय निर्णयों में सावधानी बरतनी चाहिए और अनावश्यक खर्चों से बचना बेहतर होता है.
सपने में सूर्य ग्रहण होने के बाद अगर सूर्य पूरी तरह चमकता हुआ दिखाई देता है, तो यह बेहद शुभ संकेत माना जाता है. इसका मतलब है कि जीवन की मुश्किलें जल्द खत्म हो जाएंगी और नए अवसर, तरक्की तथा सकारात्मक बदलाव सामने आएंगे. मनोवैज्ञानिक नजरिए से भी यह सपना आंतरिक परिवर्तन और नई शुरुआत का प्रतीक होता है.
स्वप्न शास्त्र में सुझाव दिया गया है कि अगर सपने में सूर्य ग्रहण दिखे तो तांबे के पात्र में सूर्य को जल अर्पित करें. आदित्य हृदय स्तोत्र का नियमित पाठ करें. सूर्य के मंत्रों का जप करें और गुड़, अनाज, वस्त्र आदि का दान करें. ये उपाय नकारात्मक प्रभाव को कम करने में मददगार साबित हो सकते हैं.
बता दें कि सूर्य ग्रहण हमेशा अमावस्या तिथि पर लगता है. इस माह यानी फरवरी 2026 में 17 फरवरी को एक वलयाकार (एनुलर) सूर्य ग्रहण लगने वाला है. ऐसे में अगर आपके सपनों में सूर्य ग्रहण दिख रहा है, तो यह वास्तविक खगोलीय घटना से भी जुड़ा हो सकता है.
Disclaimer: ये धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है, JBT इसकी पुष्टि नहीं करता. First Updated : Saturday, 07 February 2026