'मैं महिला क्रिकेट खेलने के लिए योग्य हूं', लड़का से लड़की बनी अनाया बांगड़ की ICC और BCCI से अपील
पूर्व क्रिकेटर संजय बांगड़ की ट्रांसजेंडर बेटी अनाया बांगड़ ने वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर ICC और BCCI से महिला क्रिकेट में भागीदारी की अनुमति मांगी है. उन्होंने अपनी ट्रांजिशन यात्रा और फिटनेस आंकड़ों को पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक करते हुए समावेश की अपील की है.

पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से अपील की है कि वे ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट में समावेश सुनिश्चित करें. अनाया, जो अब एक ट्रांस महिला एथलीट हैं, उन्होंने अपनी वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित ट्रांजिशन यात्रा को सार्वजनिक करते हुए 8 पन्नों की रिपोर्ट जारी की है.
अनाया ने कहा कि ये रिपोर्ट केवल राय या भावनाओं पर नहीं, बल्कि वैज्ञानिक तथ्यों और आंकड़ों पर आधारित है. इस रिपोर्ट को वो पूरी पारदर्शिता के साथ BCCI और ICC को सौंपने की योजना बना रही हैं.
ट्रांसजेंडर एथलीटों पर लगा प्रतिबंध
2023 के वनडे विश्व कप के बाद ICC की बोर्ड बैठक में ये फैसला लिया गया था कि ट्रांसजेंडर क्रिकेटरों को महिला क्रिकेट में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसके बाद से ये वैश्विक बहस का केंद्र बना हुआ है. अनाया ने सोशल मीडिया पर रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि मैं पहली बार वो वैज्ञानिक रिपोर्ट साझा कर रही हूं जो एक ट्रांस महिला एथलीट के रूप में मेरी यात्रा को दर्शाती है. पिछले एक साल में, मैंने हार्मोन थैरेपी के बाद संरचित फिजियोलॉजिकल असेसमेंट कराए. ये रिपोर्ट परिवर्तन के वास्तविक, मापने योग्य प्रभाव दिखाती है- कोई राय नहीं, कोई कल्पना नहीं, सिर्फ डेटा.
मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के साथ किया सहयोग
23 साल की अनाया ने एक साल की हार्मोन रिप्लेसमेंट थैरेपी (HRT) के बाद मैनचेस्टर मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर अपनी फिटनेस, मसल पावर, सहनशक्ति, ग्लूकोज स्तर और ऑक्सीजन खपत जैसे विभिन्न मानकों का विश्लेषण कराया. इन मानकों को सिजेंडर महिला खिलाड़ियों से तुलना करने पर पाया गया कि अनाया के परिणाम अब पूरी तरह से महिलाओं की श्रेणी में आते हैं
कौन हैं अनाया बांगड़?
अनाया ने एक वीडियो में कहा कि विज्ञान कहता है कि मैं महिला क्रिकेट के लिए योग्य हूं. अब सवाल ये है कि क्या दुनिया सच सुनने को तैयार है? आपको बता दें कि अनाया के पिता संजय बंगड़ ने भारत के लिए 12 टेस्ट और 15 वनडे खेले हैं. वो 2014 से 2019 तक भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच भी रहे हैं.


