2 छक्‍के खाने के बाद सातवें आसमान पर अर्शदीप सिंह का गुस्सा! डेरिल मिचेल की जांघ पर मारी गेंद, देखें Video

टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में अर्शदीप सिंह की गेंद मिचेल की जांघ पर लगने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर थोड़ी बहस हो गई, जिसे अंपायर और खिलाड़ियों ने शांत कराया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में मैदान पर एक समय ऐसा भी आया जब खेल के बीच हल्का विवाद देखने को मिला. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 72 रन के स्कोर तक टीम के चार विकेट गिर चुके थे. इसके बाद कप्तान मिचेल सेंटनर और डेरिल मिचेल ने पारी को संभालने की कोशिश की.

अर्शदीप सिंह और डेरिल मिचेल के बीच तकरार

पारी के 11वें ओवर में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और डेरिल मिचेल के बीच थोड़ी तकरार हो गई. अर्शदीप ने ऑफ स्टंप के बाहर वाइड यॉर्कर गेंद डाली, जिसे मिचेल ने सामने की ओर खेल दिया. गेंद अर्शदीप के पास पहुंची तो उन्होंने तेजी से स्टंप की ओर थ्रो करने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे मिचेल की जांघ पर लग गई. इस घटना के बाद मिचेल नाराज हो गए और अर्शदीप की तरफ बढ़ते हुए नाराजगी जताने लगे. उन्होंने हाथों के इशारों से भी अपनी नाराजगी दिखाई.

स्थिति को बिगड़ता देख मैदान पर मौजूद अंपायर तुरंत बीच में आए और दोनों खिलाड़ियों को शांत कराया. अंपायर ने अर्शदीप सिंह से भी बात की और उन्हें संयम बनाए रखने की सलाह दी. ओवर खत्म होने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी पहल करते हुए डेरिल मिचेल से बात की और उनके कंधे पर हाथ रखकर माहौल को सामान्य करने की कोशिश की. बाद में अर्शदीप सिंह ने भी मिचेल से हाथ मिलाकर विवाद को खत्म कर दिया.

गौरतलब है कि इसी ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर डेरिल मिचेल ने अर्शदीप सिंह के खिलाफ लगातार दो छक्के भी लगाए थे. मिचेल ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों में 17 रन बनाए और उनकी स्ट्राइक रेट 154.55 रही. हालांकि उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और अक्षर पटेल की गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन ने उनका कैच लपक लिया. फाइनल मुकाबले में ईशान किशन का यह तीसरा कैच रहा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो