बारिश और हार ने बढ़ाई पाकिस्तान की टेंशन, अब चमत्कार ही दिला सकता है सेमीफाइनल टिकट
इंग्लैंड से मिली हार के बाद टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान की राह बेहद मुश्किल हो गई. पाकिस्तान का सुपर-8 में अब सिर्फ एक मुकाबला बाकी है, जो 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.

इंग्लैंड से मिली हार के बाद आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान की राह बेहद मुश्किल हो गई. इस हार के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद अब केवल जीत पर ही नहीं, बल्कि अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर हो गई है. इंग्लैंड चार अंकों के साथ पहले ही ग्रुप-2 से अंतिम चार में जगह पक्की कर चुका है, जबकि पाकिस्तान अंक तालिका में पिछड़ गया है.
श्रीलंका से जीत बेहद जरूरी
पाकिस्तान का सुपर-8 में अब सिर्फ एक मुकाबला बाकी है, जो 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में जीत पाकिस्तान के लिए अनिवार्य है. यदि टीम यहां हार जाती है या मैच उसके पक्ष में नहीं जाता तो उसका टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो जाएगा.
बारिश के कारण न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पाकिस्तान का पिछला मैच रद्द हो गया था, जिससे उसे केवल एक अंक मिला. दो मैचों में एक अंक के साथ पाकिस्तान की स्थिति कमजोर है. श्रीलंका के खिलाफ जीत से भी वह अधिकतम तीन अंक तक ही पहुंच सकेगा, जिससे उसका क्वालिफिकेशन सीधे तौर पर सुनिश्चित नहीं होगा. ऐसे में अन्य मैचों के परिणाम निर्णायक भूमिका निभाएंगे.
सेमीफाइनल में कैसे प्रवेश कर सकता है पाकिस्तान?
पाकिस्तान के लिए सबसे अनुकूल स्थिति तब बनेगी, जब न्यूजीलैंड अपने दोनों शेष मुकाबले हार जाए. यदि श्रीलंका न्यूजीलैंड को हरा दे और इंग्लैंड भी उसे पराजित कर दे तो न्यूजीलैंड एक अंक पर ही रहेगा. इसके बाद पाकिस्तान यदि श्रीलंका को हरा देता है, तो उसके तीन अंक हो जाएंगे और वह ग्रुप से दूसरे स्थान पर पहुंचकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकता है.
हालांकि, एक अन्य संभावित स्थिति में अंक बराबर हो सकते हैं. अगर न्यूजीलैंड एक मैच जीतता है और एक हारता है तो उसके तीन अंक हो जाएंगे, जो पाकिस्तान के संभावित अंकों के बराबर होंगे. ऐसे में फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा. यही कारण है कि पाकिस्तान को सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत की जरूरत होगी, ताकि उसका नेट रन रेट बेहतर हो सके.
अगर न्यूजीलैंड अपने दोनों मैच जीत जाता है तो वह इंग्लैंड के साथ सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान का अभियान समाप्त हो जाएगा. सुपर-8 चरण में रिजर्व डे की व्यवस्था नहीं है. इसलिए बारिश भी समीकरण बदल सकती है. पाकिस्तान के लिए अब एक ही लक्ष्य है श्रीलंका के खिलाफ हर हाल में जीत और वह भी प्रभावशाली अंतर से.


