'उन्होंने टीम में राजनीति ला दी...,' सुपर-8 में भारत की हार के बाद पूर्व खिलाड़ी ने गौतम गंभीर पर लगाया बड़ा आरोप

भारतीय टीम को सुपर 8 कके पहले मैच में मिली करारी हार ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसमें सबसे बड़ा सवाल टीम का चयन है. पूर्व क्रिकेटर ने गौतम गंभीर पर राजनीति करने का आरोप लगाया है.

Sonee Srivastav

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. सुपर-8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हराया. इस हार से टीम इंडिया का सेमीफाइनल का रास्ता मुश्किल हो गया है. मैच के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने भारत के हेड कोच गौतम गंभीर पर तीखा हमला बोला है. 

शहजाद का गंभीर पर गंभीर आरोप

पाकिस्तानी शो 'हारना मना है' में बात करते हुए शहजाद ने कहा कि गौतम गंभीर ने क्रिकेट में राजनीति घुसा दी है. उनका कहना है कि गंभीर पहले राजनीति में आए थे, लेकिन वहां ज्यादा सफल नहीं हुए. अब उन्होंने वही राजनीतिक सोच टीम के माहौल में ला दी है. इससे भारतीय टीम की छवि को नुकसान पहुंचा है. 

शहजाद ने कहा, "किसी भी फील्ड में काम करने के लिए पूरी एकाग्रता चाहिए. गंभीर राजनीति में गए, उनकी सोच बदल गई. राजनीति में सफलता नहीं मिली, लेकिन अब उन्होंने टीम में वही राजनीति ला दी है. इसी वजह से टीम इंडिया की इमेज खराब हुई है."

मैच विनर खिलाड़ियों का सही इस्तेमाल नहीं

शहजाद का मानना है कि टीम में कई अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन उनका ठीक से इस्तेमाल नहीं हो रहा. उन्होंने कुलदीप यादव का उदाहरण दिया, जो मैच विनर हैं लेकिन उन्हें प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिल रही. शहजाद ने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों को बाहर रखना गलत है. गंभीर टीम के संसाधनों को सही तरीके से मैनेज नहीं कर पा रहे हैं.

अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर का चयन

साउथ अफ्रीका मैच में अक्षर पटेल को बाहर रखकर वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया. अक्षर ने टूर्नामेंट में अच्छी गेंदबाजी की थी, लेकिन सुंदर न तो 4 ओवर पूरे कर पाए और न ही बल्ले से योगदान दिया. इस फैसले की काफी आलोचना हुई. शहजाद भी यही कह रहे हैं कि चयन में गलती हुई, जिससे टीम को नुकसान हुआ.

यह आरोप गौतम गंभीर पर दबाव बढ़ा रहा है. टीम इंडिया को अब बाकी सुपर-8 मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा ताकि सेमीफाइनल में जगह बन सके. फैंस और पूर्व खिलाड़ी टीम की रणनीति पर सवाल उठा रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag