आईपीएल 2025 में शानदार गेंदबाजी कर सुर्खियों में रहे युजवेंद्र चहल इन दिनों मैदान के बाहर भी खूब चर्चा में हैं. इस बार वह क्रिकेट नहीं, बल्कि अपने मजेदार अंदाज और एक्टिंग स्किल्स को लेकर सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. चहल ने हाल ही में पूर्व ओपनर शिखर धवन के साथ मिलकर एक फनी वीडियो शूट किया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस वीडियो में दोनों दिग्गजों ने महाभारत के एक आइकॉनिक सीन को रिक्रिएट किया है. वीडियो में युजवेंद्र चहल 'शकुनि मामा' बने हुए हैं और शिखर धवन 'दुर्योधन' के रोल में नजर आते हैं. चहल मजेदार अंदाज में धवन को 'भांजा' कहकर बुलाते हैं, जिस पर फैंस जमकर रिएक्शन दे रहे हैं. इस वीडियो को देखने के बाद फैंस का कहना है कि “आईपीएल बंद हो गया है या अब रामायण शुरू हो गई है.'
शिखर धवन और युजवेंद्र चहल का यह वीडियो एकदम फुल एंटरटेनमेंट पैक है. चहल ने शकुनि मामा की तरह बोलते हुए धवन को भांजा बताया, और धवन ने भी दुर्योधन की तरह शाही अंदाज में जवाब दिया. यह वीडियो न सिर्फ मजेदार है, बल्कि इन दोनों खिलाड़ियों की ऑफ-फील्ड केमिस्ट्री को भी बखूबी दर्शाता है.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. एक यूजर ने लिखा, 'ये तो बॉलीवुड का अगला कॉमेडी डुओ बनने वाला है.' वहीं दूसरे ने लिखा, 'सबसे बड़ी आने वाली फिल्म की छोटी क्लिप.' एक और फैन ने कहा, 'चहल और धवन नए अवतार में बवाल मचा रहे हैं!'
जहां चहल सोशल मीडिया पर मनोरंजन कर रहे हैं, वहीं मैदान पर भी उन्होंने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया. पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए चहल ने इस सीजन 14 मैचों में 16 विकेट चटकाए. उनका बॉलिंग एवरेज 26.87 रहा और उन्होंने एक हैट्रिक भी ली. पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाने में उनका अहम योगदान रहा, हालांकि टीम RCB से 6 रन से हार गई थी.
आईपीएल 2024 के बाद शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. इसके बाद से वह मनोरंजन की दुनिया में एक्टिव हो गए हैं. हाल ही में वह कुछ बॉलीवुड रियलिटी शोज़ और म्यूजिक वीडियोज़ में नजर आए. चहल जहां टीम इंडिया में वापसी की कोशिश कर रहे हैं, वहीं धवन अब कैमरा और एक्टिंग की दुनिया में अपनी नई पारी शुरू कर चुके हैं.
वीडियो में युजवेंद्र चहल कहते हैं, 'भांजा है मेरा ये! अब तू ही बोलेगा क्या शकुनि मामा को?' इस मजेदार डायलॉग और एक्सप्रेशन ने वीडियो को एक नया लेवल दे दिया है. First Updated : Friday, 20 June 2025