Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का ऐलान, शमी की वापसी, बुमराह को लेकर ये है अपडेट
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम की घोषणा होने वाली है. इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 20 फरवरी को बांग्लादेश से खेलेगी. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 8 टीमों के बीच कुल 15 मुकाबले होंगे.

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है. रोहित शर्मा टीम के कप्तान रहेंगे. मोहम्मद शमी की करीब डेढ़ साल बाद टीम में वापसी हुई है. श्रेयस अय्यर को भी मौका मिला है. जसप्रीत बुमराह पर लगाई जा रहीं अटकलों पर विराम लग गया है. बुमराह टीम में शामिल किए गए हैं. इसके साथ ही ऋषभ पंत विकेट कीपिंग का जिम्मा संभालेंगे.
चैंपियंस ट्रॉफी इस बार 'हाइब्रिड मॉडल के तहत पाकिस्तान और दुबई में खेला जाना है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 19 फरवरी को मेजबान पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची में होगा. जबकि भारतीय टीम अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश से दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी.
2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव.
दो ग्रुप में बांटी गईं टीमें
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 8 टीमों के बीच कुल 15 मुकाबले होंगे. टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है. भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप-ए में हैं. उनके साथ बाकी दो टीमें न्यूजीलैंड और बांग्लादेश हैं. जबकि ग्रुप-बी में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड को रखा गया है. सभी 8 टीमें अपने-अपने ग्रुप में 3-3 मुकाबले खेलेंगी. इसके बाद हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी. पहला सेमीफाइनल दुबई, जबकि दूसरा लाहौर में होगा. इसके बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. ऐसे में यदि कोई टीम फाइनल तक पहुंचती है, तो वो टूर्नामेंट में कुल 5 मैच खेलेगी.
फाइनल के लिए रखा गया एक 'रिजर्व डे'
चैंपियंस ट्रॉफी के ये सभी 15 मुकाबले 4 वेन्यू पर खेले जाएंगे. इसमें 3 वेन्यू पाकिस्तान में होंगे. जबकि एक वेन्यू दुबई रहेगा. भारतीय टीम अपने सभी मुकाबले दुबई में ही खेलेगी. यदि भारतीय टीम क्वालिफाई करती है, तो फाइनल भी दुबई में होगा. वरना खिताबी मुकाबला 9 मार्च को लाहौर में खेला जाएगा. सेमीफाइनल मैचों और फाइनल के लिए एक रिजर्व डे भी रखा गया है. पहला सेमीफाइनल दुबई में होगा. जबकि दूसरा सेमीफाइनल लाहौर में खेला जाएगा. एक सेमीफाइनल समेत 10 मुकाबले पाकिस्तान के 3 वेन्यू पर होंगे. यह तीनों वेन्यू लाहौर, कराची और रावलपिंडी हैं.


