IND vs NZ : फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को चटाई धूल, 96 रनों से हराकर दर्ज की शानदार जीत

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के रोमांचक फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया. संजू सैमसन के 89 रनों और बुमराह की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत अब तीसरी बार विश्व विजेता बना है. अहमदाबाद के विशाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 255/5 का मजबूत स्कोर बनाया.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

टी20 विश्व कप 2026 : अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार का दिन भारतीय क्रिकेट इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो गया. टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को पूरी तरह पस्त करते हुए 96 रनों की ऐतिहासिक जीत दर्ज की. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के तूफानी अर्धशतकों की मदद से 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में कीवी टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी.

अभिषेक और संजू की आक्रामक बल्लेबाजी

आपको बता दें कि कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर का पहले गेंदबाजी का फैसला भारतीय ओपनर्स ने गलत साबित कर दिया. युवा अभिषेक शर्मा ने शुरुआती ओवरों में ही चौकों-छक्कों की बरसात कर दी और मात्र 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 21 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके जाने के बाद संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला और मैदान के हर कोने में शॉट लगाए. पावरप्ले के 6 ओवरों में ही भारत ने बिना किसी नुकसान के 92 रन जोड़ लिए थे.

सैमसन और किशन का धमाकेदार प्रदर्शन

संजू सैमसन ने टूर्नामेंट में अपनी बेहतरीन लय जारी रखते हुए लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ा. उन्होंने 33 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और अंत में 89 रनों की पारी खेली. उनका साथ ईशान किशन ने बखूबी निभाया, जिन्होंने 23 गेंदों में तेजतर्रार 54 रन बनाए. हालांकि कप्तान सूर्या का खाता नहीं खुला और हार्दिक ने 18 रन बनाए, लेकिन अंत में शिवम दुबे ने महज 8 गेंदों में 26 रन बटोरकर टीम का स्कोर 255 तक पहुँचा दिया.

न्यूजीलैंड की पारी का खराब आगाज

256 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. टीम ने तीसरे ओवर में ही अपना पहला विकेट गंवा दिया. सलामी बल्लेबाज फिल एलन केवल 9 रन बना सके, जबकि रचिन रवींद्र को भारतीय आक्रमण ने महज 1 रन पर चलता किया. ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही कीवी टीम पर ऐसा दबाव बनाया कि वे अंत तक उससे उभर नहीं पाए.

साइफर्ट 26 गेंदों में 52 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली

कीवी टीम की ओर से केवल टिम साइफर्ट ने ही कुछ संघर्ष दिखाया. उन्होंने 26 गेंदों में 52 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला. जसप्रीत बुमराह ने अपनी धारदार गेंदबाजी से कीवी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. बुमराह ने कुल 4 महत्वपूर्ण विकेट लिए, जबकि स्पिनर अक्षर पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके. कीवी टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही और 19 ओवरों में पूरी तरह सिमट गई.

भारत का ऐतिहासिक दबदबा 

पूरी कीवी टीम 19 ओवरों में महज 159 रनों पर ढेर हो गई. इस जीत के साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया है. टीम इंडिया की इस सामूहिक सफलता ने खिलाड़ियों और प्रशंसकों को जश्न मनाने का बड़ा मौका दिया है. फाइनल में भारत का ऐसा दबदबा शायद ही पहले कभी देखा गया हो. यह जीत भारतीय क्रिकेट की नई पीढ़ी की बढ़ती ताकत का शानदार प्रमाण है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag