पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदने के बाद घिरी सनराइजर्स लीड्स, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
द हंड्रेड ऑक्शन में सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को 2.55 लाख डॉलर में खरीदा. इस फैसले के बाद टीम को सोशल मीडिया पर विरोध झेलना पड़ा और उसका एक्स अकाउंट भी सस्पेंड हो गया.

नई दिल्ली: इंग्लैंड की लोकप्रिय क्रिकेट लीग द हंड्रेड के हालिया ऑक्शन के बाद एक नया विवाद सामने आ गया है. पाकिस्तान के लेग स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने अपनी टीम में शामिल किया है, लेकिन इस फैसले के बाद फ्रेंचाइजी को सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है. खास बात यह है कि यह टीम भारतीय व्यवसायी परिवार से जुड़ी है और इसकी मालकिन काव्या मारन हैं.
ऑक्शन के दौरान सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को करीब 2 लाख 55 हजार अमेरिकी डॉलर में खरीदा. इस खरीद के साथ ही वह इस लीग में किसी भारतीय फ्रेंचाइजी द्वारा साइन किए जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए. हालांकि इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने फ्रेंचाइजी की आलोचना की. कुछ लोगों ने इसे खेल से जुड़े फैसले के रूप में देखा, जबकि कुछ ने इसे लेकर नाराजगी भी जाहिर की.
फ्रेंचाइजी का एक्स अकाउंट सस्पेंड
इस विवाद के बीच एक और दिलचस्प घटना सामने आई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक अकाउंट सस्पेंड हो गया. जब यूजर्स इस अकाउंट को खोलने की कोशिश करते हैं तो वहां “अकाउंट सस्पेंड” का संदेश दिखाई देता है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि अकाउंट क्यों सस्पेंड किया गया. न तो एक्स की ओर से और न ही फ्रेंचाइजी की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है.
🚨SUNRISERS LEADS ACCOUNT SUSPENDED.🚨
— Sam (@Cricsam01) March 13, 2026
- The official X account of Sunrisers Leeds was suspended after facing heavy outrage from Indian fans for buying Abrar Ahmed in The Hundred auction.🤯 pic.twitter.com/7b7xw1wVnA
टीम प्रबंधन ने फैसले का किया बचाव
अबरार अहमद को टीम में शामिल करने के फैसले का बचाव करते हुए सनराइजर्स लीड्स के हेड कोच डेनियल विटोरी ने कहा कि टीम ने ऑक्शन के दौरान हर उपलब्ध खिलाड़ी को ध्यान में रखकर रणनीति बनाई थी. उन्होंने कहा कि अबरार एक ऐसे गेंदबाज हैं जिनके पास कई तरह की गेंदें हैं और इंग्लैंड के कई घरेलू बल्लेबाजों ने उन्हें पहले नहीं खेला है. विटोरी के अनुसार, जब ऑक्शन में उनका नाम सामने आया तो टीम ने उन्हें प्राथमिकता दी क्योंकि वह टीम की रणनीति में फिट बैठते थे.
अंतरराष्ट्रीय और टी20 क्रिकेट में अच्छा रिकॉर्ड
27 वर्षीय अबरार अहमद पाकिस्तान के लिए सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक अहम स्पिन गेंदबाज माने जाते हैं. उन्होंने पाकिस्तान की ओर से 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और इनमें 52 विकेट अपने नाम किए हैं. उनकी गेंदबाजी की एक और खासियत उनकी किफायती इकॉनमी रेट है. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने लगभग 6.67 की इकॉनमी से रन दिए हैं, जो इस फॉर्मेट में काफी अच्छा माना जाता है. अगर कुल टी20 करियर की बात करें तो अबरार ने अब तक 84 मैचों में 109 विकेट हासिल किए हैं. उनकी रहस्यमयी स्पिन और विविधता उन्हें बल्लेबाजों के लिए मुश्किल गेंदबाज बनाती है.
ऑक्शन में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की कम मांग
इस बार द हंड्रेड के ऑक्शन में पाकिस्तान के कुल 13 खिलाड़ियों ने अपना नाम दिया था. हालांकि इनमें से केवल दो खिलाड़ियों को ही खरीदार मिले. अबरार अहमद के अलावा मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को भी खरीदा गया. उन्हें बर्मिंघम फीनिक्स ने अपनी टीम में शामिल किया. इस फ्रेंचाइजी का भारत से कोई संबंध नहीं है. वहीं पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने ऑक्शन से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था.


