LSG में हसरंगा की जगह इस स्टार खिलाड़ी की हुई एंट्री, बैट-बॉल दोनों से बिखेरता है जलवा
लखनऊ सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि वानिंदु हसरंगा चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह टीम ने दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे को शामिल किया है, जो टीम को संतुलन दे सकते हैं.

आईपीएल 2026 के बीच लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को बड़ा झटका लगा है. टीम के वैश्विक क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने पुष्टि की है कि श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा इस सीज़न में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. हसरंगा को टी20 विश्व कप के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट बीच में ही छोड़ना पड़ा था.
टीम में शामिल हुए जॉर्ज लिंडे
फ्रेंचाइजी को उम्मीद थी कि वह समय रहते फिट होकर टीम से जुड़ जाएंगे, लेकिन उनकी रिकवरी को लेकर कोई स्पष्ट समयसीमा तय नहीं हो सकी. ऐसे में टीम प्रबंधन ने जोखिम लेने के बजाय उनके विकल्प की तलाश शुरू कर दी. इसी क्रम में दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे को टीम में शामिल किया गया है.
आईपीएल के आधिकारिक बयान में भी यह साफ कर दिया गया कि एलएसजी ने हसरंगा की जगह लिंडे को साइन किया है. लिंडे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दक्षिण अफ्रीका के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं और उन्हें एक उपयोगी ऑलराउंडर माना जाता है.
दिलचस्प बात यह है कि लिंडे ने अभी तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है. आईपीएल 2026 की नीलामी में उन्होंने अपनी बेस प्राइस एक करोड़ रुपये रखी थी, लेकिन उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था. इसके बावजूद उनके पास टी20 लीग क्रिकेट का अच्छा अनुभव है. वह SA20 और मेजर लीग क्रिकेट जैसे टूर्नामेंट्स में खेल चुके हैं और वहां उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की है.
क्या प्लेइंग इलेवन में मिलेगा मौका?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या लिंडे को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा. मौजूदा सीज़न में एलएसजी पहले से ही तीन विदेशी खिलाड़ियों को मौका दे रही है, लेकिन टीम संतुलन को देखते हुए लिंडे को शामिल किया जा सकता है. वह गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में तेज रन बनाने की क्षमता रखते हैं. उनका स्ट्राइक रेट लगभग 137 के आसपास है, जो टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.
टीम के प्रदर्शन की बात करें तो एलएसजी ने अब तक तीन मैचों में से दो में जीत दर्ज की है. खास बात यह रही कि दोनों ही मुकाबले आखिरी ओवर तक गए और टीम ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया. कोलकाता के खिलाफ एक मैच में तो हार लगभग तय लग रही थी, लेकिन अंत में शानदार बल्लेबाजी ने टीम को जीत दिला दी. ऐसे में लिंडे की एंट्री टीम को और मजबूती दे सकती है.


