Hansie Cronje: वो बदनाम क्रिकेटर जिससे खौफ खाते थे क्रिकेट के भगवान, मौत के साथ ही दफन हो गए थे कई राज

1 जून 2002 को साउथ अफ्रीका के लिए एक बेहद दुखद खबर आई थी। इसी दिन साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हैंसी क्रोनिए की रहस्यमय तरीके से एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी। हैंसी क्रोनिए की मौत कैसे हुई, ये गुत्थी आज तक नहीं सुलझी।

calender

Hansie Cronje Death Anniversary: 1 जून 2002 को साउथ अफ्रीका के लिए एक बेहद दुखद खबर आई थी। इसी दिन साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हैंसी क्रोनिए की रहस्यमय तरीके से एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी। हैंसी क्रोनिए की मौत कैसे हुई, ये गुत्थी आज तक नहीं सुलझी।

हैंसी क्रोनिए पर उनकी मौत से पहले मैच फिक्सिंग के आरोप भी लगे थे। बता दें कि हैंसी क्रोनिए साउथ अफ्रीका के महान कप्तानों में से एक हैं। ग्रीम स्मिथ से पहले हैंसी क्रोनिए साउथ अफ्रीका के क्रिकेट इतिहास के सबसे कामयाब कप्तान थे।

हैंसी क्रोनिए की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने भारत को 1987 के बाद उसी की सरजमी पर 2-0 से टेस्ट सीरीज में मात दी थी। साल 2000 क्रिकेट की दुनिया का सबसे काला अध्याय माना जाता है। साउथ अफ्रीका के तत्कालीन कप्तान क्रोनिए हैंसी का नाम मैच फिक्सिंग में आने से तहलका मच गया था।

क्रोनिए ने स्वीकार किया था मैच फिक्सिंग का आरोप -

हैंसी क्रोनिए ने आईसीसी (अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) की किंग कमीशन के सामने ये स्वीकार किया था कि, "भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में भारत की जीत सुनिश्चित करने के लिए आखिरी दिन अगर उनकी टीम विकेट गंवाती है तो उन्हें 30 हजार डॉलर मिलेंगे।" इस मैच फिक्सिंग में साउथ अफ्रीका के कई खिलाड़ी लपेटे में आ गए थे। निकी बोए, हर्शल गिब्स समेत कई खिलाड़ियों के नाम सामने आए थे, मगर आजीवन प्रतिबंध मात्र हैंसी क्रोनिए पर ही लगा था।

मास्टर ब्लास्टर को लगता था क्रोनिए से डर -

बता दें कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को दुनिया के जिस गेंदबाज ने सबसे अधिक परेशान किया वो हैं हैंसी क्रोनिए। इस बात कई बार सचिन तेंदुलकर ने विभिन्न मंचों पर माना भी है। एक बार 'द गार्डियन' को दिए गए इंटरव्यू में सचिन ने कहा था कि, "ईमानदारी से कहूं तो हैंसी ने मुझे किसी अन्य गेंदबाज से ज्यादा परेशान किया। जब भी हम दक्षिण अफ्रीका से खेलते थे तो हैंसी मुझे हमेशा आउट करने में शॉन पोलक या एलेन डोनल्ड से आगे रहते थे।"

हैंसी क्रोनिए का क्रिकेट करियर -

बता दें कि हैंसी क्रोनिए ने दक्षिण अफ्रीका के लिए कुल 68 टेस्ट मैच खेले। इनमें 53 में कप्तान के रूप में मैदान में उतरे। उनके कप्तान रहते साउथ अफ्रीका ने 27 टेस्ट मुकाबले जीते हैं, जबकि 11 में दक्षिण अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा। क्रोनिए ने 138 एकदिवसीय मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी की और 98 मुकाबलों में अफ्रीका को जीत दिलाई।

First Updated : Thursday, 01 June 2023