PAK के खिलाफ कैसी होगी भारतीय टीम की Playing 11? अर्शदीप सिंह को लेकर चल रहा विचार

एशिया कप 2025 में भारत 14 सितंबर को दुबई में पाकिस्तान से भिड़ेगा. टीम इंडिया में अर्शदीप सिंह की एंट्री पर विचार हो रहा है, जबकि अंतिम प्लेइंग इलेवन पिच और हालात पर निर्भर करेगी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया का सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा. यूएई के खिलाफ अपने पहले मैच में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ विकेट से जीत दर्ज की थी. अब कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम की निगाहें सुपर-4 में प्रवेश पक्का करने पर होंगी.

ओपनिंग में बदलाव की संभावना नहीं

भारतीय पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी करेगी. दोनों बल्लेबाजों ने यूएई के खिलाफ शानदार लय दिखाई थी और टीम को मज़बूत शुरुआत दिलाई थी. तीसरे नंबर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव खुद उतरेंगे, जिन्होंने पिछले मैच में भी यही भूमिका निभाई थी. चौथे नंबर पर तिलक वर्मा की जगह लगभग तय है. विकेटकीपिंग विभाग में संजू सैमसन की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. भले ही उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था, लेकिन विकेट के पीछे उनकी फुर्ती और सुरक्षित ग्लव्स का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा.

ऑलराउंडरों की तिकड़ी पर भरोसा

ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और शिवम दुबे टीम प्रबंधन की पहली पसंद बने रह सकते हैं. शिवम दुबे ने पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट चटकाए थे, जबकि हार्दिक पंड्या ने नई गेंद से गेंदबाजी की शुरुआत की थी. अक्षर पटेल ने भी किफायती स्पेल डालते हुए एक विकेट हासिल किया. इन तीनों की मौजूदगी से बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में गहराई मिलती है.

गेंदबाजी आक्रमण पर दुविधा

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है. अर्शदीप का रिकॉर्ड टी20 क्रिकेट में बेहद प्रभावशाली रहा है. 63 मुकाबलों में 99 विकेट. अगर उन्हें मौका मिलता है तो टीम में संतुलन बनाने के लिए किसी स्पिनर या ऑलराउंडर को बाहर बैठना पड़ सकता है.

पिछले मैच में स्पिन विभाग ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था. कुलदीप यादव ने महज 2.1 ओवर में चार विकेट झटके, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने दो ओवर में सिर्फ चार रन देकर एक सफलता पाई. ऐसे में किसी एक स्पिनर को बाहर करना टीम मैनेजमेंट के लिए मुश्किल फैसला होगा.

दुबई की पिच और रणनीति

दुबई की पिच पर पारंपरिक रूप से स्पिनरों का दबदबा रहा है. इस वजह से भारत तीन स्पिनरों और सिर्फ एक प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ उतर सकता है. हालांकि पाकिस्तान जैसी मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ अतिरिक्त तेज गेंदबाजी विकल्प रखना भी सुरक्षित रणनीति मानी जा रही है. इसलिए अर्शदीप की एंट्री के लिए अक्षर पटेल या शिवम दुबे में से किसी एक को बाहर बैठाया जा सकता है.

संभावित टीम इंडिया: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल/शिवम दुबे, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो