Qualifier-2: बारिश बनी खतरा! मैच रद्द हुआ तो कौन पहुंचेगा IPL 2026 फाइनल में

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए मुकाबला होगा, जहां जीतने वाली टीम आरसीबी से भिड़ेगी. अगर बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता और सुपर ओवर भी संभव नहीं होता, तो लीग स्टेज में बेहतर रैंकिंग के आधार पर गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच जाएगी.

calender

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फैसला जल्द होने वाला है. मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. अब गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले क्वालिफायर-2 मुकाबले से यह तय होगा कि फाइनल में आरसीबी का सामना किस टीम से होगा. दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.

मौसम को लेकर उठा सवाल

हालांकि मैच से पहले एक बड़ा सवाल मौसम को लेकर भी उठ रहा है. अगर बारिश या किसी अन्य वजह से मुकाबला रद्द हो जाता है तो कौन सी टीम फाइनल में पहुंचेगी? आईपीएल के नियमों के मुताबिक, इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं किया गया है. ऐसे में यदि मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा पाती, तो सबसे पहले सुपर ओवर कराने की संभावना देखी जाएगी. लेकिन अगर मौसम की वजह से सुपर ओवर भी संभव नहीं हो पाता, तब लीग स्टेज की अंक तालिका के आधार पर विजेता तय किया जाएगा. इस स्थिति में गुजरात टाइटंस को फायदा मिलेगा, क्योंकि लीग चरण समाप्त होने के बाद टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स चौथे नंबर पर थी.

मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार चंडीगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में गुरुवार रात तक ओलावृष्टि और बारिश की आशंका जताई गई है. इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है. हालांकि राहत की बात यह है कि शुक्रवार को पूरे दिन और रात मौसम साफ रहने का अनुमान है. शाम के समय तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को राहत मिलेगी.

अगर इस सीजन में दोनों टीमों के प्रदर्शन की बात करें तो गुजरात और राजस्थान के बीच लीग स्टेज में दो मुकाबले खेले गए थे और दोनों ने एक-एक मैच जीता था. अहमदाबाद में खेले गए पहले मैच में राजस्थान ने 6 रन से जीत दर्ज की थी. वहीं जयपुर में हुए दूसरे मुकाबले में गुजरात ने शानदार वापसी करते हुए राजस्थान को 77 रन से हराया था.

महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला

यह अहम मुकाबला शुक्रवार, 29 मई को मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच का टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि पहली गेंद 7:30 बजे डाली जाएगी. दर्शक इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं. वहीं, ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. First Updated : Thursday, 28 May 2026

Topics :