नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई, मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा। रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी से टीम मजबूत लग रही है, लेकिन कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही कॉम्बिनेशन चुनने की है। टी20 की तरह वनडे में जगह के लिए ज्यादा मारामारी नहीं है, फिर भी कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर को लेकर एक पेच फंसा हुआ है।
ओपनिंग रोहित शर्मा और शुभमन गिल से कराई जा सकती है। नंबर-3 पर विराट कोहली का खेलना तय है। अफगानिस्तान सीरीज में ओपनिंग करने वाले यशस्वी जायसवाल इस बार टीम में नहीं हैं। मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर नंबर-4 और केएल राहुल नंबर-5 पर दिख सकते हैं।
राहुल और श्रेयस वनडे में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज माने जाते हैं। हालांकि गंभीर के कोच बनने के बाद राहुल का नंबर कई बार बदला है, इसलिए इस बार भी उनको कहां खिलाया जाता है ये देखना दिलचस्प होगा। विराट की वापसी की वजह से ईशान किशन को पहले वनडे में बाहर बैठना पड़ सकता है।
टीम में एक लेफ्ट हैंडर बैटर की कमी को देखते हुए अक्षर पटेल को नंबर-5 या 6 पर मौका मिल सकता है। अक्षर ऑलराउंडर के तौर पर बैलेंस भी देंगे। तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार वनडे खेलेंगे। उनके साथ अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा की तिकड़ी लगभग तय है। इंग्लैंड की स्विंग वाली कंडीशन में ये तीनों भारत की सबसे बड़ी ताकत होंगे।
स्पिन डिपार्टमेंट में सबसे बड़ा सवाल कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर में से किसे खिलाया जाए। अगर पिच में टर्न मिला तो कुलदीप को तरजीह मिल सकती है। वहीं अगर बैटिंग डेप्थ चाहिए तो वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है। शिवम दुबे को भी फिनिशर और चौथे तेज गेंदबाज के रोल में खिलाया जा सकता है।
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर / कुलदीप यादव, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा
जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल राशिद First Updated : Monday, 13 July 2026