IND vs NZ: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का कैसा रहा है रिकॉर्ड? फाइनल से पहले ही हो गया जीत-हार का फैसला!

8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला बेहद ही रोमांचक होने वाला है. ऐसे में जान लीजिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड कैसा रहा है.

Sonee Srivastav

IND vs NZ: रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. यह मैच भारतीय फैंस के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की कोशिश कर रही है, लेकिन स्टेडियम का इतिहास और कुछ पुराने रिकॉर्ड फैंस को चिंता में डाल रहे हैं. क्या भारत इतिहास बदल पाएगा?

स्टेडियम में भारत का टी20 रिकॉर्ड मजबूत

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम ने अब तक 10 टी20 मैच खेले हैं. इनमें से 7 में जीत मिली है और सिर्फ 3 में हार हुई है. टीम ने इंग्लैंड, नीदरलैंड्स, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों को यहां हराया है. 2021 के बाद तीन हार मिली हैं, लेकिन कुल मिलाकर रिकॉर्ड काफी अच्छा है.

इस विश्व कप में स्टेडियम पर भारत ने दो मैच खेले हैं. एक में जीत मिली जबकि साऊथ अफ्रीका से सुपर-8 में हार का सामना करना पड़ा. फिर भी टी20 फॉर्मेट में यहां भारत का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा है.

वनडे विश्व कप की यादें

फैंस को 2023 वनडे विश्व कप फाइनल की याद अभी भी सताती है, जब ऑस्ट्रेलिया ने यहां भारत को हराया था, लेकिन टी20 में स्थिति अलग है. यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को थोड़ा फायदा मिलता दिखा है.

इस विश्व कप में स्टेडियम पर कुल छह मैच हुए, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने तीन जीते, चेज करने वाली ने दो और एक मैच टाई रहा. पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए संतुलित रह सकती है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ पुराना हिसाब

टी20 विश्व कप में भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड कमजोर रहा है. अब तक तीन मैच खेले गए और तीनों में हार मिली. 2007, 2016 और 2021 में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया. ऐसे में रविवार का मैच भारत के लिए बदला लेने का मौका है. अगर टीम जीतती है तो लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनेगी, जो एक बड़ा इतिहास होगा.

भारत की जीत पक्की 

भारतीय टीम मजबूत फॉर्म में है और घरेलू मैदान पर खेल रही है. स्टेडियम का टी20 रिकॉर्ड भारत के पक्ष में है, लेकिन न्यूजीलैंड भी खतरनाक टीम है. फैंस उत्साहित हैं, लेकिन पुरानी हारों की यादें डर भी पैदा कर रही हैं. मैच में कौन बाजी मारेगा, यह रविवार को पता चलेगा. लेकिन आंकड़े कहते हैं कि भारत के पास अच्छा मौका है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag