हरियाणा की रंग फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 4 महिलाओं की जलकर मौत; 13 लोग गंभीर रूप से झुलसे

हरियाणा में होली के रंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 4 महिलाओं की मौत हो गई है. साथ ही 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

Sonee Srivastav

जींद: हरियाणा के जींद जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है. सफीदों इलाके में होली के रंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में सुबह अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें चार महिलाओं की जलकर मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए. यह घटना इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर गई है.

कैसे हुआ बड़ा हादसा? 

सुबह करीब 11 बजे सफीदों की इस फैक्ट्री में काम चल रहा था. अचानक आग की लपटें उठीं और पूरा परिसर धुआं से भर गया. फैक्ट्री में कुल 17 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें 5 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थी.

रंग बनाने का काम होने के कारण केमिकल और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिससे आग बहुत तेजी से फैल गई. मजदूर बाहर निकलने की कोशिश में फंस गए और कई लोग बुरी तरह झुलस गए.

चार महिलाओं की मौके पर मौत

आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. ये महिलाएं फैक्ट्री में रंग बनाने का काम कर रही थी. मृतकों में सिंघपुरा गांव की पिंकी, सफीदों वार्ड नंबर 9 की गुड्डी, दिग्गी मोहल्ला की पूजा और आदर्श कॉलोनी की ऊषा शामिल हैं.इनकी जलकर दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

13 लोग गंभीर रूप से झुलसे

बाकी मजदूरों में से 13 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं. इन घायलों को तुरंत स्थानीय नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया. वहां से हालत ज्यादा गंभीर होने पर 6 लोगों को रोहतक के पीजीआई में रेफर कर दिया गया.

रोहतक में भर्ती दो मरीजों की हालत अभी भी बहुत नाजुक बताई जा रही है. नागरिक अस्पताल में एक युवक पवन का इलाज चल रहा है, जिसके शरीर का सिर्फ 8 प्रतिशत ही जला है. बाकी घायलों की स्थिति पर डॉक्टर नजर रखे हुए हैं.

प्रशासन द्वारा सहायता 

हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंची. आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि फैक्ट्री में रखे रंग और केमिकल से आग और भड़क रही थी.

स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए, लेकिन मजदूरों को बचाना मुश्किल हो गया. प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं और मृतकों के परिवारों को सहायता देने की बात कही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag