टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के इतिहास में कई नए रिकॉर्ड भी कायम कर दिए. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने टी20 वर्ल्ड कप के कई पुराने आंकड़ों को बदल दिया. भारत अब तीसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का चैंपियन बना है.
इस जीत की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है. इससे पहले किसी भी टीम ने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव नहीं किया था. लेकिन 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम ने यह इतिहास रच दिया और पहली बार किसी टीम ने लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने का कारनामा किया.
भारत ने एक और बड़ा रिकॉर्ड मेजबान टीम के तौर पर बनाया. अब तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कोई भी मेजबान देश यह टूर्नामेंट नहीं जीत पाया था. लेकिन भारत ने इस परंपरा को भी तोड़ दिया और अपने ही देश में ट्रॉफी जीतकर नया इतिहास लिख दिया.
इसके अलावा भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी हार का सिलसिला भी खत्म किया. इससे पहले इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले हुए थे और तीनों बार न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की थी. साल 2007, 2016 और 2021 में भारत को हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि 2026 के फाइनल में जीत दर्ज कर भारत ने इस रिकॉर्ड को बदल दिया.
इतना ही नहीं, न्यूजीलैंड का भारत के खिलाफ आईसीसी फाइनल जीतने का सिलसिला भी टूट गया. कीवी टीम ने अपने पहले दो आईसीसी खिताब 2000 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2021 की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप भारत को हराकर ही जीते थे. लेकिन इस बार भारतीय टीम ने उन्हें ऐसा करने का मौका नहीं दिया. इसके साथ ही न्यूजीलैंड दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचकर खिताब से चूक गई. First Updated : Sunday, 08 March 2026