नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। शुभमन गिल को दोनों फॉर्मेट में कप्तानी सौंपी गई है। टेस्ट में केएल राहुल उपकप्तान होंगे जबकि वनडे में यह जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को दी गई है।
सेलेक्टर्स ने इस बार कई नए चेहरों पर भरोसा जताया है। वनडे टीम में हरप्रीत बराड़, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव को पहली बार मौका मिला है। वहीं टेस्ट स्क्वॉड में मानव सुथार, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे नए नाम हैं।
आपको बताते चलें कि इस सीरीज में रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ी किसी भी स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। माना जा रहा है कि वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते इन्हें आराम दिया गया है। ऋषभ पंत को टेस्ट टीम में जगह तो मिली है लेकिन उनसे उपकप्तानी वापस ले ली गई है। मोहम्मद सिराज सिर्फ टेस्ट टीम में चुने गए हैं। इशान किशन की वनडे स्क्वॉड में वापसी हुई है।
टीम इंडिया ऑडीआई स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, इशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।
टीम इंडिया टेस्ट स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।
भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी। पहला वनडे 14 जून को धर्मशाला में, दूसरा 17 जून को लखनऊ में और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
गौरतलब है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच 2018 के बाद पहली बार टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा। अफगानिस्तान की टीम भारत दौरे पर एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलेगी। इस वनडे सीरीज को वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
टीम मैनेजमेंट इस सीरीज में युवा खिलाड़ियों को परखना चाहता है। विराट कोहली पूरी तरह फिट हैं और खेलते नजर आएंगे। हालांकि रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है। First Updated : Tuesday, 19 May 2026