IPL 2025: अहमदाबाद में आज भिड़ेंगी मुंबई और पंजाब, मैच से पहले जानिए मौसम, पिच और संभावित रणनीति
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के क्वालिफायर-2 में आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच टक्कर होगी. यह मुकाबला वर्चुअल सेमीफाइनल की तरह होगा, जहां जीतने वाली टीम RCB के खिलाफ फाइनल खेलेगी. मुंबई इंडियंस आत्मविश्वास से भरी है, जबकि पंजाब को पिछली हार से उबरना होगा.

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के क्वालिफायर-2 में आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने होंगी. एक ओर जहां मुंबई की टीम आत्मविश्वास से लबरेज़ है, वहीं पंजाब को क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से करारी हार का सामना करना पड़ा था. अब यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए 'वर्चुअल सेमीफाइनल' की तरह होगा, जहां जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में जगह बनाएगी और RCB से भिड़ेगी.
शानदार फॉर्म में चल रही मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर में गुजरात टाइटंस को हराकर जोरदार वापसी की है. दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेल रही पंजाब की टीम अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी की तलाश में है, लेकिन पिछली हार के बाद उनकी राह मुश्किल दिख रही है.
गर्मी और उमस का रहेगा असर
रविवार को अहमदाबाद में मौसम गर्म और उमस भरा रहने वाला है. तापमान 27 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और हवा की रफ्तार 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है. आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 51 से 64 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है. हालांकि बारिश की 10 प्रतिशत संभावना जताई गई है, लेकिन मैच के दौरान आसमान साफ रहने की उम्मीद है. ऐसे में मुकाबले में बारिश के खलल की संभावना बेहद कम है.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस सीज़न अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 6 बार पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है. केवल एक बार चेज करने वाली टीम जीत सकी और वह भी दिन के समय खेले गए मैच में. इस आंकड़े को देखते हुए यह साफ है कि जो टीम टॉस जीतेगी, वह पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला कर सकती है. खासकर अहम मुकाबलों में, जहां दबाव ज्यादा होता है, वहां स्कोर बोर्ड पर रन पहले लगाने की रणनीति फायदेमंद साबित हो सकती है.
मुंबई इंडियंस का आत्मविश्वास बुलंद
एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराने के बाद रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस ने यह साबित कर दिया कि वे छठी बार खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. दूसरी ओर, पंजाब किंग्स को क्वालिफायर-1 में RCB के हाथों 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी रणनीति पर सवाल उठे हैं.अब देखना यह होगा कि क्या श्रेयस अय्यर की अगुवाई में PBKS इस बड़े मुकाबले में वापसी कर पाएगी या फिर मुंबई इंडियंस एक और फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी.
मैच की अहम जानकारी:
मुकाबला: आईपीएल 2025 क्वालिफायर-2
टीमें: पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस
स्थान: नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
समय: शाम 7:30 बजे से
मौसम: गर्म और उमस भरा, बारिश की संभावना बेहद कम
पिच: पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम को फायदा


