बेंगलुरु: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने जा रहा है. हालांकि मैच शुरू होने से पहले ही बेंगलुरु पुलिस ने शहरवासियों और आरसीबी फैंस के लिए सख्त एडवाइजरी जारी कर दी है.
पुलिस ने साफ कहा है कि अगर आरसीबी खिताब जीतती है, तब भी लोग सड़कों पर उतरकर जश्न न मनाएं. पटाखे फोड़ने, बाइक रैली निकालने और भीड़ इकट्ठा करने पर रोक लगा दी गई है. पुलिस का यह फैसला पिछले साल हुए चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ हादसे के बाद लिया गया है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी.
आईपीएल 2025 में आरसीबी ने अपना पहला खिताब जीता था. टीम की जीत के बाद बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी. हालात इतने बिगड़ गए थे कि भगदड़ मच गई और 11 लोगों की मौत हो गई थी. इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहते.
बेंगलुरु पुलिस का कहना है कि फाइनल के बाद शहर में बड़ी संख्या में लोग जश्न मनाने के लिए बाहर निकल सकते हैं. इससे ट्रैफिक और कानून व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से कई गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।
सार्वजनिक जगहों पर भीड़ जुटाना
बिना अनुमति LED स्क्रीन लगाना
सड़क किनारे लाइव स्क्रीनिंग करना
पटाखे और खतरनाक सामान का इस्तेमाल
बाइक रैली और स्टंटबाजी
ट्रैफिक जाम करना
सार्वजनिक जगहों पर शराब पीना
झगड़ा या अभद्र व्यवहार करना
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
पुलिस ने सोशल मीडिया को लेकर भी चेतावनी जारी की है. अधिकारियों का कहना है कि फैंस किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या विरोधी टीम के समर्थकों का मजाक उड़ाने वाली सामग्री शेयर न करें. पुलिस का मानना है कि ऑनलाइन विवाद कई बार सड़कों पर तनाव का कारण बन जाते हैं.
आरसीबी और गुजरात टाइटंस दोनों ही टीमें मजबूत नजर आ रही है. विराट कोहली, रजत पाटीदार और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ी आरसीबी की ताकत हैं, जबकि गुजरात के पास शुभमन गिल, राशिद खान और जोस बटलर जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं. ऐसे में फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है. First Updated : Sunday, 31 May 2026