नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच की भिड़ंत नहीं है बल्कि यह भारतीय क्रिकेट के दो अलग-अलग कप्तानों के भविष्य और उनकी साख की भी बड़ी परीक्षा है.
करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज होने वाला यह महामुकाबला गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल के लिए जहां अपनी कप्तानी को साबित करने का सुनहरा मौका है. वहीं आरसीबी के शांत रणनीतिकार रजत पाटीदार के पास इतिहास के पन्नों में अपना नाम अमर करने का ऐतिहासिक अवसर है. दोनों ही खिलाड़ियों के लिए यह मैच उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है.
शुभमन गिल के लिए कप्तानी का सबसे बड़ा 'इम्तिहान'
रोहित शर्मा के बाद भारतीय वनडे और टेस्ट टीम की कमान संभालने वाले शुभमन गिल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है. उनकी कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड में ऐतिहासिक 2-2 से टेस्ट सीरीज ड्रॉ खेली. लेकिन घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से सीरीज गंवानी पड़ी. टी20 प्रारूप में भी उन्हें उप-कप्तानी से हाथ धोना पड़ा और टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले वे टीम से बाहर हो गए. ऐसे में आज का फाइनल गिल के लिए 'क्राउनिंग मोमेंट' बन सकता है.
रनों के 'प्रिंस' को पहली ट्रॉफी की तलाश
हार्दिक पांड्या के जाने के बाद गुजरात को अपनी कप्तानी में पहली बार फाइनल में पहुंचाने वाले गिल ने बल्ले से लगातार कमाल किया है. साल 2024 से अब तक आईपीएल में गिल ने 1798 रन बनाए हैं और वे इस सूची में सिर्फ विराट कोहली (1998 रन) और साई सुदर्शन (1996 रन) से पीछे हैं. एक बेहतरीन बल्लेबाज होने के बावजूद बतौर कप्तान गिल को अभी भी अपनी पहली बड़ी ट्रॉफी और एक यादगार उपलब्धि की तलाश है जो उन्हें आज मिल सकती है.
इन खिलाड़ियों की बराबरी का मौका
दूसरी तरफ आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार मीडिया की चकाचौंध से दूर रहकर अपनी एक अलग विरासत तैयार कर रहे हैं. पाटीदार ने क्वालिफायर-1 में गुजरात के खिलाफ सिर्फ 33 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेलकर आरसीबी को 254/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया था.
आरसीबी चैंपियन बनी तो क्या होगा
अगर आज पाटीदार अपनी टीम को चैंपियन बना देते हैं तो आरसीबी लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीतने वाली लीग की तीसरी टीम बन जाएगी. इससे पहले केवल एमएस धोनी (CSK, 2010-11) और रोहित शर्मा (MI, 2019-20) ही लगातार दो बार खिताब डिफेंड कर पाए हैं. पाटीदार का यह मौन नेतृत्व आज गिल के बड़े दावों के सामने सबसे कठिन चुनौती पेश करेगा. First Updated : Sunday, 31 May 2026