BCCI ने दूसरे चरण के लिए IPL 2026 के शेड्यूल का किया ऐलान, जानें कब और कितने शहरों में खेले जाएंगे मुकाबले
BCCI ने IPL 2026 के लीग चरण का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इस घोषणा में मैच की शुरुआत डेट, स्थान और आखिरी मैच की तारीख का जिक्र किया गया है. यानी की सभी मैचों की तारीख और समय की पुष्टि कर दी गई है.

IPL 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आज 26 मार्च को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लीग चरण का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. पहले केवल शुरुआती 20 मैचों का कार्यक्रम घोषित किया गया था. चार राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखें तय होने के बाद अब BCCI ने बाकी सभी मैचों के स्थान और तारीखों की पुष्टि कर दी है. BCCI ने चुनाव कार्यक्रम का इंतजार किया ताकि सीजन के बाकी हिस्से में कोई दिक्कत न आए.
टूर्नामेंट की शुरुआत और अंत
IPL 2026 का उद्घाटन मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में होगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपनी घरेलू जमीन पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से भिड़ेगी. टूर्नामेंट का दूसरा चरण 13 अप्रैल को शुरू होगा, जब हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद राजस्थान रॉयल्स का सामना करेगी. लीग चरण 24 मई को कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के मैच के साथ समाप्त होगा.
मैचों का समय और डबल हेडर
सिंगल मैच वाले दिनों में मैच शाम 7:30 बजे IST से शुरू होंगे. डबल हेडर वाले दिनों में दोपहर का मैच 3:30 बजे IST से खेला जाएगा. पूरे लीग चरण में कुल 12 दिन ऐसे होंगे जब दो-दो मैच खेले जाएंगे.13 वेन्यू पर 70 लीग मैचइस बार 70 लीग मैच कुल 13 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे.
गुवाहाटी, रायपुर और धर्मशाला को अतिरिक्त वेन्यू के रूप में शामिल किया गया है. राजस्थान रॉयल्स अपने सात होम मैचों में से तीन गुवाहाटी में खेलेंगे. पंजाब किंग्स तीन मैच धर्मशाला में और बाकी चार मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में खेलेंगे.
RCB के लिए खास बात
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहली बार अपने सभी होम मैच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी. वे दो मैच रायपुर में खेलेंगी, जो कि 10 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ और 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा.
प्लेऑफ और फाइनल की तारीख
BCCI ने एक बयान में कहा कि प्लेऑफ मैचों और फाइनल के स्थान तथा तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी. क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह घोषणा बड़ी राहत है. अब वे पूरे सीजन का प्लान पहले से बना सकते हैं. IPL 2026 का रोमांच 28 मार्च से शुरू होगा और लीग स्टेज 24 मई तक चलेगा. इस बार 13 वेन्यू का इस्तेमाल मैचों को देश के ज्यादा हिस्सों तक पहुंचाने और फैंस को नजदीक लाने में मदद करेगा.


