क्या कंट्रोल से बाहर हो जाएगा AI? एन्थ्रोपिक ने भविष्य को लेकर दी बड़ी चेतावनी

एन्थ्रोपिक की नई रिपोर्ट ने एआई के भविष्य को लेकर बड़ी बहस छेड़ दी है. एआई कंपनी एन्थ्रोपिक का मानना है कि उसका चैटबॉट क्लॉड अब केवल इंसानों की मदद नहीं कर रहा, बल्कि नए एआई सिस्टम विकसित करने की प्रक्रिया को भी तेज बना रहा है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: क्या एआई अब खुद को और ज्यादा शक्तिशाली बनाने की दिशा में बढ़ रहा है? आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में एक नई बहस छिड़ गई है. एआई कंपनी एन्थ्रोपिक का मानना है कि उसका चैटबॉट क्लॉड अब केवल इंसानों की मदद नहीं कर रहा, बल्कि नए एआई सिस्टम विकसित करने की प्रक्रिया को भी तेज बना रहा है. कंपनी का कहना है कि अगर यही रफ्तार जारी रही तो भविष्य में ऐसे एआई मॉडल सामने आ सकते हैं जो अपने से बेहतर अगली पीढ़ी के एआई सिस्टम तैयार करने में सक्षम होंगे.

एन्थ्रोपिक ने अपने हालिया ब्लॉग पोस्ट में कहा है कि फिलहाल एआई पूरी तरह से खुद को विकसित करने की स्थिति में नहीं पहुंचा है, लेकिन तकनीक जिस गति से आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए इस संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. कंपनी का मानना है कि सरकारों, नियामक संस्थाओं और समाज को अभी से ऐसे संभावित भविष्य के लिए तैयार रहना चाहिए. कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह स्थिति अभी दूर है और संभव है कि कभी पूरी तरह वास्तविकता न बने, लेकिन अगर ऐसा हुआ तो संस्थानों के पास तैयारी के लिए बहुत कम समय रह जाएगा.

एआई की क्षमता पहले से कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ रही

एन्थ्रोपिक के मुताबिक, सार्वजनिक आंकड़े और कंपनी के आंतरिक डेटा दोनों यह संकेत देते हैं कि एआई अब इंजीनियरों और शोधकर्ताओं की कार्यक्षमता को काफी बढ़ा रहा है. स्वास्थ्य, विज्ञान और उत्पादकता जैसे क्षेत्रों में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं, लेकिन साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि इंसान भविष्य में इतने सक्षम एआई सिस्टम पर नियंत्रण कैसे बनाए रखेंगे. कंपनी का कहना है कि एआई द्वारा संभाले जा सकने वाले कार्यों की जटिलता और अवधि लगातार बढ़ रही है. पहले जहां कुछ मिनटों का काम एआई कर पाता था, वहीं अब यह कई घंटों तक चलने वाले जटिल कार्यों को भी पूरा करने लगा है.

कैसे बदली एआई तकनीक की तस्वीर?

एन्थ्रोपिक ने बताया कि शुरुआत में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर कोड खुद लिखते थे. बाद में चैटबॉट्स छोटे-छोटे कोडिंग कार्यों में मदद करने लगे. इसके बाद ऐसे एआई एजेंट आए जो खुद फाइलें तैयार और संपादित कर सकते थे. आज की स्थिति यह है कि आधुनिक एआई एजेंट न सिर्फ कोड लिख सकते हैं, बल्कि उसे चला भी सकते हैं, कई कार्यों को स्वतः पूरा कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर दूसरे एआई एजेंट्स को भी जिम्मेदारी सौंप सकते हैं. कंपनी के अनुसार, अगला स्वाभाविक कदम ऐसे सिस्टम तैयार करना है जो भविष्य के एआई मॉडल विकसित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं.

क्लॉड की बढ़ती ताकत ने बढ़ाई चर्चा

एन्थ्रोपिक ने दावा किया कि उसका एआई मॉडल क्लॉड अब कंपनी के एआई सिस्टम विकसित करने में इस्तेमाल होने वाले अधिकांश कोड लिख रहा है. इसके कारण इंजीनियरों की उत्पादकता में भारी बढ़ोतरी हुई है. कंपनी के अनुसार, एक औसत इंजीनियर अब 2024 की तुलना में प्रतिदिन लगभग आठ गुना अधिक कोड तैयार कर पा रहा है. इसके अलावा क्लॉड शोध कार्यों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और कई जटिल तकनीकी चुनौतियों को हल करने में मदद कर रहा है.

भविष्य को लेकर तीन संभावित तस्वीरें

एन्थ्रोपिक ने आने वाले वर्षों के लिए तीन संभावित परिदृश्यों का उल्लेख किया है. पहला, एआई विकास की रफ्तार धीमी पड़ सकती है. दूसरा, एआई लगातार अधिक उत्पादक होता जाए लेकिन इंसानी नियंत्रण बना रहे. तीसरा, एआई सिस्टम खुद अपने उत्तराधिकारी एआई मॉडल तैयार करने लगें. कंपनी का मानना है कि फिलहाल दूसरा परिदृश्य सबसे अधिक संभावित दिखाई देता है. यानी एआई की क्षमता बढ़ेगी, लेकिन महत्वपूर्ण निर्णयों और निगरानी में इंसानों की भूमिका बनी रहेगी.

इंसानों की भूमिका अभी भी अहम

एन्थ्रोपिक का कहना है कि व्यापक सोच, रणनीतिक फैसले लेने और यह तय करने में कि किन समस्याओं पर काम करना जरूरी है, इंसानों की बढ़त अभी कायम है. हालांकि कंपनी यह भी मानती है कि भविष्य में सबसे बड़ी चुनौती एआई को और शक्तिशाली बनाना नहीं, बल्कि उस पर प्रभावी निगरानी बनाए रखना होगी.

कंपनी ने सुझाव दिया है कि यदि कभी एआई का विकास सुरक्षित सीमाओं से अधिक तेजी से बढ़ने लगे, तो सरकारों और प्रमुख तकनीकी कंपनियों को मिलकर इसकी गति को अस्थायी रूप से नियंत्रित करने पर विचार करना चाहिए. हालांकि ऐसा कोई भी कदम वैश्विक स्तर पर समन्वित होना चाहिए, ताकि प्रतिस्पर्धा की वजह से कोई पक्ष अनुचित बढ़त हासिल न कर सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो