IPL 2026 Prize Money: फाइनल में पैसों और अवॉर्ड्स की बरसात, चैम्पियन RCB को मिले करोड़ो, वैभव ने रचा नया इतिहास, देखें पूरी लिस्ट

आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीत ली, जबकि विराट कोहली ने फाइनल में शानदार 75 रन बनाए. वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 5 बड़े अवॉर्ड जीतकर पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी.

calender

अहमदाबाद: आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास रहा. रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु(RCB) ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली. इस जीत के साथ आरसीबी ने इतिहास रच दिया और टीम के करोड़ों फैंस का लंबा इंतजार खत्म हो गया.

लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी RCB

आईपीएल इतिहास में पहली बार ट्रॉफी जीतने के बाद आरसीबी ने इस सीजन भी शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर टीम ने लगातार दूसरा खिताब जीता. कप्तान रजत पाटीदार भी खास क्लब में शामिल हो गए हैं. उनसे पहले सिर्फ एमएस धोनी और रोहित शर्मा ही लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान बने थे.

BCCI ने इनामी रकम से भरी झोली

आईपीएल 2026 के लिए बीसीसीआई ने कुल 46 करोड़ रुपये की प्राइज मनी तय की थी. चैंपियन बनने वाली आरसीबी को 20 करोड़ रुपये मिले, जबकि रनर-अप गुजरात टाइटंस को 12.50 करोड़ रुपये की राशि दी गई.

तीसरे स्थान पर रहने वाली राजस्थान रॉयल्स को 7 करोड़ रुपये मिले. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद को चौथे स्थान के लिए 6.50 करोड़ रुपये का इनाम मिला.

वैभव सूर्यवंशी बने प्रेजेंटेशन सेरेमनी के सबसे बड़े स्टार

इस सीजन सबसे ज्यादा चर्चा राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही. उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और कई बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए. वैभव ने ऑरेंज कैप जीतने के साथ-साथ मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, बेस्ट स्ट्राइक रेट और सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अवॉर्ड भी हासिल किया. शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें लाखों रुपये की प्राइज मनी के साथ टाटा कर्व कार भी मिली.

दूसरे खिलाड़ियों ने भी बटोरी सुर्खियां

गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की. वहीं मोहम्मद सिराज को सबसे ज्यादा डॉट बॉल डालने के लिए सम्मानित किया गया.

साई सुदर्शन को सबसे ज्यादा चौके लगाने का अवॉर्ड मिला, जबकि मनीष पांडे ने कैच ऑफ द सीजन का खिताब जीता. फेयर प्ले अवॉर्ड पंजाब किंग्स को दिया गया.

फाइनल में विराट कोहली ने खेली मैच जिताऊ पारी

फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 156 रन बनाए. जवाब में आरसीबी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया. विराट कोहली ने 75 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम की जीत तय कर दी.

आरसीबी ने 12 गेंद बाकी रहते मैच जीत लिया. विराट कोहली को फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि वैभव सूर्यवंशी पूरे टूर्नामेंट के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने. First Updated : Monday, 01 June 2026