IPL 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद को मिला नया कप्तान, पैट कमिंस की जगह ईशान किशन को मिली कमान
ईशान किशन के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है. इस बार वे सनराइजर्स हैदराबाद की शुरूआती कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे. वह पैट कमिंस की जगह ले रहे हैं, जो अभी चोटिल हैं.

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत से ठीक पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को कप्तानी में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, इसलिए शुरुआती मैचों में टीम की कमान ईशान किशन को सौंपी गई है.
कमिंस वापस लेंगे कप्तानी
SRH ने सोशल मीडिया पर इसकी आधिकारिक पुष्टि की. टीम ने स्पष्ट किया कि यह कप्तानी सिर्फ अस्थायी है. पैट कमिंस जब पूरी तरह फिट हो जाएंगे, तो वे दोबारा कप्तान बन जाएंगे. ईशान किशन के उप-कप्तान अभिषेक शर्मा होंगे. दोनों खिलाड़ी हाल ही में भारत की टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली टीम का हिस्सा थे और फाइनल में अर्धशतक जड़ चुके हैं.
𝐀𝐍𝐍𝐎𝐔𝐍𝐂𝐄𝐌𝐄𝐍𝐓 🚨
Pat Cummins will miss a few games while recovering from injury.
Until he recovers, Ishan Kishan will be the Captain and Abhishek Sharma will be the Vice-Captain. pic.twitter.com/etXJUkQJeG — SunRisers Hyderabad (@SunRisers) March 18, 2026
शुरूआती मैच नहीं खेल पाएंगे कमिंस
पैट कमिंस 23 मार्च को SRH कैंप में रिपोर्ट करने वाले हैं. वहां वे रिहैबिलिटेशन और फिटनेस पर काम करेंगे. अभी यह साफ नहीं है कि वे कितने मैच मिस करेंगे, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक सीजन के शुरुआती तीन मैच वे नहीं खेल पाएंगे.
SRH का IPL 2026 शेड्यूल
सनराइजर्स हैदराबाद अपना पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेलेगी. वहीं दूसरा मैच 2 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी. अगला और तीसरा मैच 5 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपने घरेलु मैदान पर खेलते हुए दिखाई देगी.
पैट कमिंस की कप्तानी में SRH का सफर
पैट कमिंस ने अब तक SRH के लिए 30 मैचों में कप्तानी की है. इसमें 15 जीत, 14 हार और 1 बिना नतीजे वाला मैच शामिल है. साल 2024 में उनकी अगुवाई में टीम फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स से हार गई. 2025 सीजन में SRH पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर रही. कमिंस की गेंदबाजी और नेतृत्व हमेशा सराहा गया, लेकिन इस बार चोट ने उन्हें शुरुआत से बाहर कर दिया.
ईशान किशन ही क्यों बने कप्तान?
ईशान किशन IPL में 119 मैचों का अनुभव रखते हैं, जबकि अभिषेक शर्मा ने 77 मैच खेले हैं. ईशान घरेलू क्रिकेट में झारखंड की कप्तानी कर चुके हैं और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भी जीती है. टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में उनका अर्धशतक यादगार रहा. SRH प्रबंधन ने उन्हें सबसे उपयुक्त विकल्प माना है.


