मोहम्मद शमी के रोजा न रखने पर मामला गरमाया, बचाव में उतरे कोच और नेता

भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के दौरान रोज़ा न रखने पर एक मुस्लिम धर्मगुरु की आलोचना का सामना करना पड़ा है.  ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रिज़वी बरेलवी ने शमी को अपराधी बताते हुए कहा कि उन्होंने रोज़ा न रखकर इस्लामी सिद्धांतों का उल्लंघन किया है. मौलाना बरेलवी ने एक वीडियो बयान में कहा कि इस्लाम में रोज़ा एक फ़र्ज़ है. अगर कोई जानबूझकर रोज़ा नहीं रखता, तो वह गुनहगार होता है. क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने भी रोज़ा नहीं रखा, उन्होंने एक बड़ा गुनाह किया है. वह अपराधी हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के दौरान रोज़ा न रखने पर एक मुस्लिम धर्मगुरु की आलोचना का सामना करना पड़ा है. यह मुकाबला रमज़ान के पवित्र महीने में खेला गया था, जब मुस्लिम समुदाय के लोग दिनभर उपवास रखते हैं. ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रिज़वी बरेलवी ने शमी को अपराधी बताते हुए कहा कि उन्होंने रोज़ा न रखकर इस्लामी सिद्धांतों का उल्लंघन किया है.

मौलाना बरेलवी ने एक वीडियो बयान में कहा कि इस्लाम में रोज़ा एक फ़र्ज़ है. अगर कोई जानबूझकर रोज़ा नहीं रखता, तो वह गुनहगार होता है. क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने भी रोज़ा नहीं रखा, उन्होंने एक बड़ा गुनाह किया है. वह अपराधी हैं. उनकी इस टिप्पणी के बाद धार्मिक और खेल जगत में इस विषय पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं.

मौलाना शहाबुद्दीन ने आगे कहा कि अगर शमी पूरी तरह स्वस्थ थे और क्रिकेट खेल रहे थे, तो उन्हें रोज़ा रखना चाहिए था. उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति अगर रोज़ा नहीं रखता है, तो वह इस्लाम में बड़ा अपराधी माना जाता है. लाखों लोग उसे देख रहे थे और उसने मैच के दौरान पानी पिया. इससे समाज में गलत संदेश जाता है.

मोहम्मद शमी के कोच ने किया बचाव

शमी के कोच मोहम्मद बदरुद्दीन ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अपने शिष्य का बचाव किया. उन्होंने कहा कि शमी ने कोई गलती नहीं की है और पूरा देश उनके साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि देश के आगे कुछ भी नहीं होता. बदरुद्दीन ने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को अपने खेल और फिटनेस पर ध्यान देना होता है और यह उनकी व्यक्तिगत पसंद है कि वे रोज़ा रखें या नहीं.

राजनीतिक जगत से भी आया समर्थन

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि धर्म को खेल से नहीं जोड़ा जाना चाहिए. उन्होंने शमी को समर्पित खिलाड़ी बताते हुए कहा कि अगर शमी को लगता कि रोज़ा उनकी परफॉर्मेंस को प्रभावित कर सकता है, तो वह रातभर सो नहीं पाते. उन्होंने कई बार भारत को जीत दिलाई है और आज हर मुस्लिम मोहम्मद शमी पर गर्व करता है.

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में बनाई जगह

भारत ने इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 264 रन बनाए. मोहम्मद शमी की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जहां शमी ने 10 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट झटके.

पहले भी हो चुका है विवाद

यह विवाद चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान पहली बार नहीं हुआ. इससे पहले, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर टिप्पणी करते हुए उन्हें बहुत मोटा और "अब तक का सबसे साधारण कप्तान" बताया था, जिससे सोशल मीडिया पर काफी हंगामा हुआ था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो