भारत-अफगानिस्तान टेस्ट में राहुल और सुदर्शन का कमाल, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने दिखाई मजबूती

मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट मैच का आगाज हो चुका है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट मैच का आगाज हो चुका है. इस मैदान पर पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है जिससे भारतीय टीम अपने नए टेस्ट सीजन की शुरुआत कर रही है.

अनोखा रिकॉर्ड टूट गया

मैच की पहली गेंद फिंकते ही भारतीय क्रिकेट इतिहास का एक बेहद अनोखा महा-रिकॉर्ड टूट गया और करीब 16 साल पुराना एक सुनहरा युग समाप्त हो गया. भारतीय टीम मैनेजमेंट ने इस मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में एक ऐसा चौंकाने वाला फैसला लिया जो घरेलू सरजमीं पर पिछले डेढ़ दशक से भी ज्यादा समय में कभी नहीं देखा गया था.

टॉस जीतकर भारत की सधी शुरुआत

6 जून से शुरू हुए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारतीय टीम की पहली पारी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक आक्रामक नहीं रही. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल महज 24 रन बनाकर अफगानी गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी का शिकार बने. 

केएल राहुल और साई सुदर्शन की साझेदारी

शुरुआती झटका लगने के बाद अनुभवी केएल राहुल और युवा साई सुदर्शन ने भारतीय पारी को बखूबी संभाला. पहली पारी में लंच के समय तक भारतीय टीम ने 1 विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए हैं. इस समय केएल राहुल 37 रन और साई सुदर्शन 32 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं.

अश्विन और जडेजा दोनों के बिना उतरी टीम इंडिया

भारतीय क्रिकेट इतिहास में करीब 16 साल बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब भारत में खेले जा रहे किसी टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा दोनों में से कोई भी शामिल नहीं है. इसी के साथ घरेलू सरजमीं पर लगातार 69 टेस्ट मैचों का वह शानदार सिलसिला भी टूट गया. 

महान ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं जबकि ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को इस एकमात्र टेस्ट मैच के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है. 

श्रीलंका दौरे की तैयारियां

साल 2026 में भारत और अफगानिस्तान दोनों टीमों का यह पहला टेस्ट मैच है. यह मुकाबला आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के 2025-27 चक्र का हिस्सा नहीं है. इसके बावजूद भारतीय टीम इस मुकाबले को अगस्त में प्रस्तावित श्रीलंका दौरे के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण तैयारी के रूप में देख रही है जहां शुभमन ब्रिगेड को दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. मैनेजमेंट का मुख्य उद्देश्य भविष्य के लिए मजबूत गेंदबाजी बैकअप तैयार करना है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो