IPL 2026: पंजाब के खिलाफ मैच में वेपिंग करते पकड़े गए राजस्थान रॉयल्स के कप्तान, देखें वीडियो
मंगलवार को पंजाब और राजस्थान के बीच सीजन का 40वां मैच खेला गया. मुकाबले में भले ही RR को जीत मिली, लेकिन कप्तान रियान पराग मुश्किलों में फंस गए हैं.

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 40वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को हराकर बड़ी जीत हासिल की. कप्तान रियान पराग की अगुवाई में टीम ने अच्छा खेल दिखाया और पंजाब की लगातार जीत की लय को तोड़ दिया. मैच के बाद सबकी नजरें रॉयल्स की जीत पर थी, लेकिन जल्द ही एक नया विवाद सामने आ गया.
ड्रेसिंग रूम में वेपिंग का वीडियो वायरल
जीत के बावजूद रियान पराग सुर्खियों में अलग वजह से आए. मैच के दौरान एक लाइव प्रसारण क्लिप में रियान पराग को अपनी टीम के ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते हुए देखा गया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया.
क्लिप में पराग मैच के चेज के दौरान वेप का इस्तेमाल करते नजर आए, जबकि उनके कुछ साथी खिलाड़ी भी वहां मौजूद थे. स्टेडियम परिसर और ड्रेसिंग रूम में धूम्रपान या वेपिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है. ऐसे में इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
Riyan Parag Smoking VAPE in dressing room 🤯 pic.twitter.com/EbIMI5qHxK
— Liam Livingstone (@NightmareOP9) April 28, 2026
ई-सिगरेट को लेकर कानूनी नियम
भारत में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम (PECA), 2019 के तहत वेप्स और ई-सिगरेट का उत्पादन, बिक्री, खरीद, आयात, निर्यात और विज्ञापन पूरी तरह बैन है. उल्लंघन करने पर जुर्माना या जेल की सजा हो सकती है. ड्रेसिंग रूम जैसी जगह पर वेपिंग करना न सिर्फ टीम अनुशासन का मामला है, बल्कि BCCI और IPL नियमों के भी खिलाफ माना जा सकता है.
कई लोग सोशल मीडिया पर इस घटना को लापरवाही बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. अब देखना होगा कि BCCI या IPL अथॉरिटी इस मामले में क्या कदम उठाती है.
मैच के बाद पराग का बयान
पंजाब किंग्स पर मिली जीत के बाद रियान पराग ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण में अपनी टीम के प्रदर्शन पर बात की. उन्होंने मध्यक्रम की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि पूरे सीजन में इस पर सबसे ज्यादा चर्चा होती रही, लेकिन टीम को अपने खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है.
पराग ने कहा, “चिंताएं हमसे अलग थी, बल्कि बाकी सबकी थी. हमें अपने खिलाड़ियों और उनकी क्षमताओं पर भरोसा है. जब मध्यक्रम अच्छा खेलता है तो टीम संभल जाती है. सारी परेशानियां बाहर की है, हमारे लिए नहीं।”
बता दें, रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन यह नया विवाद उनके लिए परेशानी का सबब बन सकता है. क्रिकेट प्रेमी अब इस मामले पर BCCI की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.


